प्रमोद मिश्रा रायपुर, 17 सितंबर 2025 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 17 सितंबर को अपना 75वां जन्मदिन मना रहे हैं। गुजरात के मेहसाना शहर में 17 सितंबर 1950 को जन्मे नरेंद्र दामोदरदास मोदी ने 2001 से 2014 तक लगातार तीन बार गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में सेवा की और 2014 से वे तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री के रूप में नेतृत्व कर रहे हैं। अपने जन्मदिन को व्यक्तिगत उत्सव के बजाय जनसेवा और कल्याणकारी योजनाओं के प्रति समर्पण के अवसर के रूप में मनाने की उनकी परंपरा इस वर्ष भी जारी रहने की उम्मीद है।
सेवा पखवाड़ा: जनकल्याण का उत्सव
भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में देशभर में ‘सेवा पखवाड़ा’ की शुरुआत की है। यह पखवाड़ा 17 सितंबर से शुरू होकर विभिन्न सामाजिक और कल्याणकारी गतिविधियों के माध्यम से नागरिकों की सेवा और मानवता के प्रति उनके समर्पण को दर्शाएगा। इस दौरान स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान और अन्य जनकल्याणकारी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

सीएम का भी आज व्यस्त कार्यक्रम
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का बुधवार का दिन बेहद व्यस्त रहने वाला है। वह राजधानी रायपुर और नया रायपुर (अटल नगर) में आयोजित एक के बाद एक अनेक कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
सुबह 10 बजे मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री निवास, सिविल लाइन्स से विश्वकर्मी जयंती कार्यक्रम में भाग लेने के बाद अटल बिहारी वाजपेयी सभागार, मेडिकल कॉलेज रायपुर पहुँचेंगे। यहाँ 10:30 से 11:30 बजे तक वह स्वच्छता, आवास और लोक कल्याण उत्सव का शुभारंभ करेंगे।
इसके बाद 12 बजे वे इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर पहुँचेंगे, जहाँ 1:15 बजे तक “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान” का शुभारंभ करेंगे।
दोपहर 1:30 बजे से 1:50 बजे तक वे पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय में रक्तदान अमृत महोत्सव 2.0 कार्यक्रम में शामिल होंगे। 2:10 बजे मुख्यमंत्री प्रयास बालक आवासीय विद्यालय, सड्डू में आयोजित आदि सेवा पर्व का शुभारंभ करेंगे।
इसके बाद 3 बजे से 4:30 बजे तक वे बलबीर सिंह जुनेजा इनडोर स्टेडियम रायपुर में श्रमिक महासम्मेलन में शामिल होंगे। शाम 4:35 बजे वे टाउन हॉल रायपुर में प्रधानमंत्री की जीवनी पर आधारित फोटो प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे।
नया रायपुर पहुँचकर 5:15 बजे से 5:45 बजे तक “सेवा पर्व – एक पेड़ माँ के नाम 2.0” कार्यक्रम में शामिल होंगे। शाम 7:15 बजे से 8 बजे तक मुख्यमंत्री महादेव घाट, रायपुर में खारून गंगा महाआरती में भाग लेंगे।
दिनभर के इस व्यस्त दौरे के बाद रात 8:15 बजे मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे।
17 सितम्बर को मुख्यमंत्री साय के इस कार्यक्रम में सामाजिक, स्वास्थ्य, शिक्षा, श्रमिक और पर्यावरण से जुड़े कई महत्वपूर्ण आयोजन शामिल होंगे, जिनसे सीधे जनता को लाभ पहुँचने की उम्मीद है।
वोट चोर, गद्दी छोड़ यात्रा का दूसरा दिन
कांग्रेस पार्टी के वोट चोर, गद्दी छोड़ यात्रा का आज दूसरा दिन है । आज तखतपुर, मुंगेली और बेमेतरा में कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता जुटेंगे । प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के साथ कई बड़े नेता मौजूद रहेंगे ।
आज का मौसम
मौसम विभाग ने मिली जानकारी के अनुसार, बिलासपुर, कोरबा, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, मुंगेली, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सरगुजा, कोरिया, सूरजपुर, बलरामपुर-रामानुजगंज, जशपुर, और मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने इन जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। इतना ही नहीं मौसम विभाग ने राजधानी रायपुर समेत आस-पास के इलाकों आज दिन भर बादल छाए रहेंगे।




