प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 20 सितंबर 2025

नक्सली संगठन की ओर से शांति वार्ता के लिए भेजे गए पत्र पर प्रदेश के गृहमंत्री विजय शर्मा ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने साफ कहा कि नक्सली सबसे पहले आम नागरिकों की हत्या करना बंद करें और जगह-जगह प्लांट किए गए आईईडी को हटा लें। शर्मा ने बताया कि नक्सलियों की ओर से मिला पहला पत्र पोलित ब्यूरो के सदस्य का है, जबकि दूसरा पत्र तेलंगाना से आए जूनियर कैडर का है।
गृहमंत्री शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार का रुख स्पष्ट है—नक्सली अगर वार्ता चाहते हैं तो हिंसा का रास्ता छोड़ना होगा।
इधर, शराब घोटाले के मामले में ईडी की कार्रवाई और कांग्रेस भवन तक पैसों से भरे कार्टून पहुंचने के खुलासे पर भी गृहमंत्री और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने प्रशासनिक तंत्र को पूरी तरह दबाव में झोंक दिया था। इसी दबाव में कई ईमानदार अधिकारी भी फंस गए। अब जांच में रोज नए-नए खुलासे हो रहे हैं, जिससे यह सच्चाई सामने आ रही है कि कांग्रेस शासनकाल में शराब व्यापार के लिए बाहरी लोगों को संरक्षण दिया गया था।
शर्मा ने दावा किया कि भाजपा सरकार पारदर्शिता और सख्त कानून व्यवस्था के साथ काम कर रही है, और जनता को हर हाल में न्याय दिलाया जाएगा।





