प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 23 सितंबर 2025

छत्तीसगढ़ समेत देश के कई हिस्सों में मानसून धीरे-धीरे विदाई की ओर बढ़ रहा है, लेकिन जाते-जाते भी मानसून तांडव मचा रहा है। राजधानी रायपुर और प्रदेश के कई जिलों में लगातार खंड-खंड बारिश हो रही है। बारिश के चलते तापमान में कमी आई है और प्रदेश में धीरे-धीरे ठंड की दस्तक भी महसूस की जा रही है।
मौसम विभाग की जानकारी के अनुसार, मंगलवार को रायपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बलौदाबाजार, राजनांदगांव, बिलासपुर, बालोद, दुर्ग, कोरिया, बलरामपुर-रामानुजगंज, सरगुजा, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सूरजपुर और जशपुर जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। राजधानी रायपुर समेत आस-पास के इलाकों में दिन भर बादल छाए रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने लोगों को चेतावनी दी है कि मानसून जाते-जाते भी नुकसान पहुंचा सकता है। ऐसे में बिना अत्यावश्यक कारण घर से बाहर निकलने से बचें और बारिश व बिजली गिरने के दौरान खुले स्थान पर न रहें।
प्रदेशवासियों से अपील की गई है कि वे अपने सुरक्षा उपायों का ध्यान रखें और जरूरत पड़ने पर ही यात्रा करें।





