जगदलपुर, 23 सितम्बर 2025

बस्तर दशहरा की तैयारियों के बीच सिरहासार भवन में 22 सितंबर की रात एक नशेड़ी युवक की हरकतों ने हड़कंप मचा दिया। जानकारी के अनुसार, रथ निर्माण के दौरान नशे में धुत युवक भवन में शराब पीते और बिरयानी खाते हुए कारीगरों के सामने आ गया।
कारीगरों ने युवक को पहले रस्सी से बांधा, फिर घसीटते हुए बाहर निकाला और उसे लात-घूंसे से पीटा। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें कारीगरों की कार्रवाई साफ दिखाई दे रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सिरहासार भवन के ठीक सामने ही बस्तर दशहरा का रथ निर्माण चल रहा था। यह रथ बस्तर दशहरा में आस्था का प्रतीक माना जाता है। नवरात्र की पहली रात युवक की नशे में की गई हरकतों ने रथ निर्माण में बाधा डाल दी।
घटना की जानकारी मिलने पर सिटी कोतवाली थाना के जवान मौके पर पहुंचे और युवक को पकड़कर थाना ले गए। पुलिस ने मामले को शांत कराया। अधिकारियों का कहना है कि सिरहासार भवन में आगामी बस्तर दशहरा की अन्य रस्में भी आयोजित की जाएंगी, इसलिए सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।





