कवर्धा, 26 सितंबर 2025

आदिवासी युवती से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में कवर्धा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने 36 घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों में मोहम्मद सरफराज, नसीम अहमद और जितेंद्र खरे शामिल हैं। तीनों कवर्धा के ही रहने वाले आदतन अपराधी बताए जा रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह छवाई ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपियों ने पहले पीड़िता का बाइक से अपहरण किया और फिर सुनसान इलाके (अटल आवास के पीछे) ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म को अंजाम दिया। वारदात से पहले तीनों ने सिलोशन ट्यूब का नशा भी किया था। घटना के बाद पीड़िता को धमकाते हुए बस स्टैंड के पास छोड़ दिया गया।
बताया गया कि 24 सितंबर की रात अपने परिचित के घर में ठहरी पीड़िता दो बजे के करीब विवाद के बाद घर से निकलकर बस स्टैंड जा रही थी। उसी दौरान आरोपी बाइक से पहुंचे और बहला-फुसलाकर उसे सुनसान इलाके में ले गए।
इस घटना से आक्रोशित आदिवासी समाज सड़क पर उतर आया और कलेक्टर कार्यालय का घेराव कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। बढ़ते जनाक्रोश और दबाव के बीच पुलिस ने 36 घंटे में ही तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। पुख्ता जांच के लिए आरोपियों को मौके पर ले जाकर सीन रीक्रिएट भी कराया गया।



