बिलासपुर, 28 सितम्बर 2025
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में शनिवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। प्यार में धोखा और दुष्कर्म के केस में फंसने से परेशान एक युवक ने आत्महत्या कर ली। युवक ने घर से निकलने से पहले सुसाइड नोट लिखा था, जिसमें उसने अपने दर्द और धोखे का जिक्र किया।


कैसे हुआ घटनाक्रम
अग्रसेन चौक स्थित साकेत अपार्टमेंट निवासी गौरव सवन्त्री (29) लंबे समय से मानसिक तनाव में था। शनिवार शाम उसने अपने कमरे में सुसाइड नोट लिखने के बाद घर से निकल गया। जब परिजनों को यह नोट मिला तो घबराहट में उन्होंने रिश्तेदारों को सूचना दी और अलग-अलग व्हाट्सऐप ग्रुप्स पर भी जानकारी साझा की। सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस भी सक्रिय हो गई और रातभर खोजबीन चलती रही।
करीब रात 12 बजे उसलापुर रेलवे स्टेशन के पास अल्का एवेन्यू के समीप ट्रैक पर उसका शव मिला। मौके पर पहुंची पुलिस और परिजनों ने शव की शिनाख्त की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परिजनों का बयान
गौरव के पिता अशोक सवत्री ने बताया कि बेटा हाल ही में नोएडा से लौटा था और तभी से परेशान रहता था। सुसाइड नोट में उसने साफ लिखा है कि उसे प्यार में धोखा मिला है। वहीं, उसका चचेरा भाई आशंका जता रहा है कि गौरव किसी ऑनलाइन धोखाधड़ी के जाल में भी फंस गया था, जिससे तनाव और बढ़ गया।
15 दिन पहले ही छूटा था जेल से
सिविल लाइन थाना प्रभारी सुम्मत राम साहू के अनुसार, नोएडा में नौकरी के दौरान गौरव के एक युवती से प्रेम संबंध बने थे। बाद में युवती ने दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था। इस केस में गौरव जेल गया था और करीब 15 दिन पहले ही जमानत पर बाहर आया था। तभी से वह गहरे अवसाद में था और भविष्य को लेकर निराश था।
भीड़ उमड़ी, सनसनी फैली
रेलवे ट्रैक पर शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। बड़ी संख्या में लोग वहां पहुंच गए। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित किया और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस जांच जारी
प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन गौरव के सुसाइड नोट, हालिया घटनाक्रम और ऑनलाइन गतिविधियों की भी गहन पड़ताल की जा रही है ताकि मौत की असली वजह साफ हो सके।





