
रायपुर, 28 सितंबर 2025। रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र कल 29 सितंबर को 96 करोड़ रुपये की बड़ी विकास सौगात पाने जा रहा है। इस दिन क्षेत्र में चार प्रमुख परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन होगा।
इनमें दानवीर भामाशाह वार्ड में 3.37 करोड़ रुपये से बने शाला भवन का लोकार्पण, ठक्कर बापा वार्ड में 19.60 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली पानी टंकी का भूमिपूजन, तथा रिंग रोड-2 पर दो ओवरपास निर्माण कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। पहला ओवरपास बंगाली होटल के पास जरवाय मार्ग पर 23.89 करोड़ रुपये से और दूसरा हीरापुर चौक पर 49.40 करोड़ रुपये से बनाया जाएगा।
इन सभी कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव करेंगे।
विधायक राजेश मूणत ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार ने रायपुर पश्चिम को विकास की नई रफ्तार दी है। उन्होंने कहा, “शाला भवन से शिक्षा, पानी टंकी से जनस्वास्थ्य और ओवरपास से यातायात की समस्या का समाधान होगा। यह क्षेत्र की वर्षों पुरानी जरूरतें थीं, जिनका अब समाधान होने जा रहा है।”
कल होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र के लोगों में उत्साह है और बड़ी संख्या में उपस्थिति की संभावना है।





