प्रमोद मिश्रा
रायपुर/जगदलपुर, 30 सितंबर 2025

जगदलपुर के एक निजी रिसॉर्ट में गरबा आयोजन में मुस्लिम युवक से माता रानी के जयकारे लगवाने का मामला सामने आया। जानकारी के अनुसार, रोटरी क्लब द्वारा आयोजित गरबा इवेंट में मुस्लिम युवक शाकिब नवाब भी शामिल होने पहुंचा। लेकिन, सनातन क्षेत्रीय मंच और अन्य हिंदू संगठन के सदस्यों ने उसे पहचानते ही रोक लिया और देवी की मूर्ति के सामने ले जाकर माथे पर तिलक लगाया, जयकारे करवाए और प्रसाद खिलाकर प्रणाम करवा दिया।
हिंदू संगठन के सदस्य कुणाल चालीस गांवकर ने बताया कि गरबा आयोजन के नियम पहले ही तय किए गए थे, जिनमें गैर हिंदुओं के प्रवेश पर रोक लगाई गई थी। इस नियमावली की जानकारी बस्तर जिले के SP शलभ सिन्हा को भी दी गई थी। कुणाल ने कहा कि नवरात्रि के दौरान सुरक्षा बल बनाया गया था, जो यह सुनिश्चित करता है कि किसी आयोजन में अभद्रता, अश्लीलता या गैर हिंदुओं का प्रवेश न हो।
कुणाल ने यह भी चेतावनी दी कि अगर आगे किसी गैर हिंदू को आयोजनों में शामिल पाया गया तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने मुस्लिम युवाओं से गरबा में शामिल न होने की अपील की, उनका कहना था कि जिनकी धार्मिक आस्था मूर्ति पूजा में नहीं है, उन्हें ऐसे आयोजनों से दूर रहना चाहिए।
मामला सामाजिक और धार्मिक विवाद का रूप लेता दिख रहा है, क्योंकि इसमें युवकों की धार्मिक पहचान और सांस्कृतिक आयोजनों में भागीदारी को लेकर चर्चा हो रही है।





