प्रमोद मिश्रा
नवा रायपुर, 01 अक्टूबर 2025

महात्मा गांधी की जयंती (2 अक्टूबर) एवं स्वच्छ भारत दिवस के उपलक्ष्य में कलिंगा विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा 30 सितम्बर 2025 को विशेष स्वच्छता अभियान का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम NSS कार्यक्रम अधिकारी डॉ. हर्षा शर्मा के मार्गदर्शन और निरीक्षण में सम्पन्न हुआ।
अभियान का मुख्य उद्देश्य था विश्वविद्यालय परिसर को स्वच्छ, हरित और स्वास्थ्यवर्धक वातावरण प्रदान करना तथा विद्यार्थियों और समाज में स्वच्छता के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना। महात्मा गांधी के विचार “स्वच्छता ही सेवा” को मूर्त रूप देते हुए NSS स्वयंसेवक छात्र-छात्राओं ने परिसर में श्रमदान कर सफाई अभियान चलाया और स्वच्छता व स्वास्थ्य के गहरे संबंधों पर चर्चा की।
इस अवसर पर डॉ. शर्मा ने कहा कि — “स्वच्छता केवल व्यक्तिगत आवश्यकता नहीं, बल्कि यह सामाजिक उत्तरदायित्व भी है। स्वच्छ वातावरण ही स्वस्थ, सशक्त और आत्मनिर्भर भारत की नींव है।”
कार्यक्रम के दौरान NSS स्वयंसेवकों ने परिसर की सफाई, कचरा संग्रहण, वृक्षों की देखभाल के साथ-साथ स्वच्छता संबंधी नारों और संदेशों के माध्यम से जागरूकता फैलाने का कार्य किया।
अभियान के अंत में सभी प्रतिभागियों ने स्वच्छ भारत के निर्माण में निरंतर योगदान देने का संकल्प लिया।





