बिलासपुर, 03 अक्टूबर 2025

एसईसीएल मुख्यालय इंदिरा विहार डिस्पेंसरी में विश्व फार्मासिस्ट दिवस का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम “थिंक हेल्थ, थिंक फार्मासिस्ट” पर आधारित इस कार्यक्रम में प्रमुख (चिकित्सा सेवाएँ) डॉ. श्रुतिदेव मिश्रा मुख्य अतिथि और इंदिरा विहार स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. अरिहंत जैन विशिष्ट अतिथि रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान धन्वंतरि के चित्र पर दीप प्रज्वलन एवं पुष्पांजलि के साथ हुई। इसके बाद मुख्य एवं विशिष्ट अतिथि का आत्मीय स्वागत किया गया।
मुख्य अतिथि डॉ. श्रुतिदेव मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि सितंबर माह में मनाया जाने वाला विश्व फार्मासिस्ट दिवस फार्मासिस्टों की स्वास्थ्य सेवा में भूमिका और उनके योगदान को सम्मानित करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि फार्मासिस्ट केवल दवाएं वितरित करने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं के रूप में रोगी देखभाल, सही दवा आपूर्ति और स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।
विशिष्ट अतिथि डॉ. अरिहंत जैन ने कहा कि फार्मासिस्ट दिवस फार्मेसी के क्षेत्र में अग्रिम पंक्ति में काम करने वाले कर्मियों के धैर्य, करुणा और समर्पण को सम्मानित करने का दिन है। उन्होंने कठिन रोगियों से निपटने की क्षमता और अतिरिक्त समय तक काम करने के बावजूद उनकी मुस्कान की सराहना की।
इस मौके पर फार्मासिस्टों — शैलजा दाभाडे, प्रणब दास, पंकज कुमार जायसवाल, आलोक जायसवाल, मनमोहन टेलर, नीलेश अहिरवार और अमीता जायसवाल को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा अमृत फार्मेसी के सभी फार्मासिस्टों को भी सम्मान प्रदान किया गया।
चीफ फार्मासिस्ट नीलेश अहिरवार और अमृत फार्मेसी की अंकिता पांडेय ने विश्व फार्मासिस्ट दिवस की थीम पर विस्तृत प्रकाश डालते हुए चिकित्सा क्षेत्र में फार्मासिस्टों की भूमिका और भागीदारी पर अपने विचार रखे।
कार्यक्रम में संचालन का दायित्व सीना विन्त्री, अनुपमा क्षेत्री और विनीता मसीह ने निभाया।



