8 Mar 2026, Sun

आज की बड़ी खबरें : केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का बस्तर प्रवास…CM विष्णुदेव साय जायेंगे बस्तर…महतारी वंदन योजना की 20वीं किश्त की राशि महिलाओं के खातों में डालेंगे अमित शाह…आज भी कई जिलों में जमकर बारिश…पढ़ें आज की सभी बड़ी खबरें

प्रमोद मिश्रा

रायपुर, 04 अक्टूबर 2025

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह अपने दो दिवसीय दौरे के अंतर्गत शुक्रवार रात छत्तीसगढ़ पहुंचे। इस दौरान रायपुर एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित भाजपा नेताओं ने उनका स्वागत किया। गृहमंत्री शाह ने शुक्रवार की रात नवा रायपुर में ही रात्रि विश्राम किया। वहीं आज केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के छत्तीसगढ़ दौरे का दूसरा दिन है। गृहमंत्री अमित शाह आज जगदलपुर जाएंगे और मां दंतेश्वरी मंदिर में पूजा अर्चना करेंगे। इसके बाद गृहमंत्री अमित शाह कई अन्य कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

मिनिट टू मिनिट कार्यक्रम

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के निर्धारित दौरा कार्यक्रम के अनुसार, वे सुबह 11.20 बजे रायपुर से जगदलपुर के लिए रवाना होंगे। इसके बाद दोपहर 12.05 बजे जगदलपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे और यहां से दंतेश्वरी मंदिर के लिए रवाना होंगे। गृहमंत्री शाह दोपहर 12.15 दंतेश्वरी माता मंदिर पहुंचेंगे और मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। गृहमंत्री शाह दंतेश्वरी मंदिर से रवाना होकर दोपहर 12.35 बजे सिरहासार भवन पहुंचेंगे और यहां दोपहर 12.35 से 1.20 बजे मुरिया दरबार में होंगे शामिल। मुरिया दरबार में शामिल होने के बाद गृहमंत्री अमित शाह दोपहर 1.25 बजे लालबाग पहुंचेंगे और 1.25 से 2.30 बजे तक प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे।

CM भी जाएंगे बस्तर

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के साथ बस्तर प्रवास पर रहेंगे । शाम को लौटने के बाद पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम, रायपुर में आयोजित कवि सम्मेलन में शामिल होंगे ।

माई दंतेश्वरी की धरती से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के हाथों मिलेगी महतारी वंदन की सौगात

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज माई दंतेश्वरी की धरती जगदलपुर में आयोजित बस्तर दशहरा एवं मुरिया दरबार के मौके पर छत्तीसगढ़ सरकार की महतारी वंदन योजना की हितग्राही महिलाओं के बैंक खाते में 606 करोड़ 94 लाख रुपये की राशि अंतरित करेंगे। महतारी वंदन योजना की 20वीं किस्त की राशि का लाभ प्रदेश की 64,94,768 लाभार्थी महिलाओं को मिलेगा।

पढ़ें   भाव - विभोर हुए CM बघेल : भगवान श्री राम के गानों को सुनकर भाव विभोर हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल... CM ने 'खंजरी' बजाकर कलाकारों के साथ की संगत.. देखें वीडियो

उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और स्वावलंबी बनाने के उद्देश्य से महतारी वंदन योजना की शुरुआत 1 मार्च 2024 से की थी। इस महत्वाकांक्षी योजना का उद्देश्य 21 वर्ष से अधिक आयु की सभी विवाहित महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है, ताकि वे न केवल अपनी घरेलू जरूरतें पूरी कर सकें बल्कि समाज में आत्मनिर्भरता और सम्मान के साथ जीवन यापन कर सकें।

आज का मौसम

मौसम विभाग ने प्रदेश में एक बार फिर से बारिश के आसार बनने की बात कही है। मौसम विभाग ने प्रदेश के की जिलों में भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने रायपुर, महासमुंद, धमतरी और गरियाबंद में भारी बारिश होने की चेतावनी दी है। इतना ही नहीं मौसम विभाग ने बस्तर, कांकेर, कोंडागांव, दंतेवाड़ा, सुकमा, बीजापुर, नारायणपुर, बालोद, बेमेतरा, दुर्ग, कबीरधाम, खैरागढ़-छुई खदान-गंडई, मोहला-मानपुर चौकी और राजनांदगांव जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, सक्ती, सरंगढ़-बिलाईगढ़, मुंगेली और बिलासपुर में भी बारिश के आसार है।

Share

 

 

 

 

 

You Missed