प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 7 अक्टूबर 2025

छत्तीसगढ़ शासन के जनसंपर्क विभाग और बस्तर संभाग के सभी जिलों के जिला प्रशासन के संयुक्त प्रयास से “बस्तर राइजिंग” नामक विशेष अभियान 8 अक्टूबर से शुरू होने जा रहा है। यह दो सप्ताह तक चलने वाला अभियान बस्तर के सातों जिलों में आयोजित किया जाएगा।
अभियान का उद्देश्य बस्तर की सांस्कृतिक, पर्यावरणीय और उद्यमशील क्षमताओं को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करना है। इस दौरान विशेषज्ञों, युवाओं, शिल्पकारों और स्थानीय समुदायों के बीच संवाद, कार्यशालाएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
“बस्तर राइजिंग” का कारवां केशकाल, नारायणपुर, कोण्डागांव, सुकमा, दंतेवाड़ा, बीजापुर, चित्रकोट, बारसूर और जगदलपुर का भ्रमण करेगा। अभियान में बस्तर की कला, हस्तशिल्प, कृषि, पर्यटन, खेल और शिक्षा से जुड़ी संभावनाओं पर विशेष फोकस किया जाएगा।
अभियान का समापन रायपुर में आयोजित “हार्मोनी फेस्ट 2025” के साथ होगा, जिसमें बस्तर की प्रेरक कहानियाँ, नवाचार और सांस्कृतिक विरासत प्रदर्शित की जाएंगी। फेस्ट की थीम “दिल मेला – दिल में ला” रखी गई है।
यह अभियान बस्तर की प्रतिभाओं और संस्कृति को राष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



