प्रमोद मिश्रा

रायपुर, 13 अक्टूबर 2025
भारतीय किसान संघ छत्तीसगढ़ प्रदेश के बूढ़ा तलाब स्थित धरना स्थल पर आज बड़े पैमाने पर किसान आंदोलन करते नजर आए। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने आंदोलनरत किसानों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुना और उनका समाधान सुनिश्चित करने का भरोसा दिया।
मंत्री गजेंद्र यादव ने प्रतिनिधि मंडल के साथ किसानों की नौ सूत्रीय मांगों पर विस्तार से चर्चा की और बूढ़ा तलाब पहुंचकर बड़ी संख्या में आए किसानों का अभिवादन स्वीकार किया। उन्होंने किसानों को संबोधित करते हुए कहा, “हम सभी एक किसान परिवार के हैं और आपकी समस्याओं के हल के लिए हम प्रतिबद्ध हैं। मुख्यमंत्री भी इसी किसान परिवार से जुड़े हैं और आपकी मांगों पर संवेदनशीलतापूर्वक विचार कर रहे हैं।“
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की पहल पर सिंचाई के रकबे को बढ़ाने के लिए कैबिनेट द्वारा 15 परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है, जिनके निर्माण के लिए 2800 करोड़ रूपये जारी किए जा रहे हैं। इसके साथ ही धान खरीदी पर किसानों से 40 किलो में 700 ग्राम से अधिक नहीं लेने और समितियों में भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। खाद की कालाबाजारी पर भी प्रभावी नियंत्रण का आश्वासन दिया गया।
इसके अतिरिक्त, मंत्री ने बताया कि किसानों की मांग के अनुरूप कवर्धा के भोरमदेव शक्कर उत्पादक कंपनी के गन्ना किसानों के बकाया 46 करोड़ रूपये की राशि के लिए कैबिनेट ने स्वीकृति प्रदान की है, जिसे वित्त विभाग द्वारा जल्द कार्यवाही में लाया जाएगा। इस घोषणा पर सभी किसानों ने संतोष और प्रसन्नता व्यक्त की।





