प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 13 अक्टूबर 2025
छत्तीसगढ़ की नई विधानसभा अब आधुनिकता और परंपरा का संगम बनने जा रही है। उप मुख्यमंत्री और लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने आज नवा रायपुर स्थित निर्माणाधीन विधानसभा भवन के अंतिम चरण के कार्यों का निरीक्षण किया और लोकार्पण की तैयारियों की समीक्षा की। आगामी 1 नवम्बर को राज्योत्सव के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस अत्याधुनिक भवन का लोकार्पण करेंगे।

उप मुख्यमंत्री साव ने बताया कि नवीन विधानसभा भवन को तीन सेक्टरों में विभाजित कर बनाया गया है, जो सभी आधुनिक सुविधाओं से लैस है। भवन के सिविल कार्य पूर्ण हो चुके हैं और फिनिशिंग कार्य अंतिम दौर में हैं। दीपावली के बाद शिफ्टिंग की प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी।
उन्होंने कहा कि यह भवन छत्तीसगढ़ के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में राज्य को एक ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में समर्पित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य विकास के नित नए आयाम तय कर रहा है, और यह भवन उस यात्रा में एक मील का पत्थर साबित होगा।
छत्तीसगढ़ की संस्कृति की झलक
नया विधानसभा भवन केवल स्थापत्य कला का उदाहरण नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति और परंपरा का प्रतीक भी है। सदन की सीलिंग पर धान की बालियां उकेरी गई हैं, जो राज्य की कृषि परंपरा को दर्शाती हैं। वहीं सदन के भीतर का अधिकांश फर्नीचर बस्तर के शिल्पकारों द्वारा तैयार किया गया है।
उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि यह भवन आगामी 50 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाया गया है। इसमें पेपरलेस विधानसभा संचालित करने की भी व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा, “वर्ष 2000 में टेंट से शुरू हुई छत्तीसगढ़ विधानसभा अब अपने भव्य, सर्वसुविधायुक्त भवन में प्रवेश करने जा रही है।”
निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह, प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
राज्योत्सव की तैयारियों का भी लिया जायजा
उप मुख्यमंत्री ने विधानसभा निरीक्षण के बाद नवा रायपुर स्थित श्यामा प्रसाद मुखर्जी उद्योग एवं व्यापार परिसर का भी दौरा किया और आगामी राज्य स्थापना रजत जयंती समारोह की तैयारियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।



