कोंडागांव, 18 अक्टूबर 2025
छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में 1 लाख रुपए के इनामी नक्सली पिलसाय शनिवार को मुख्यधारा में लौट आया। नक्सली संगठन में बढ़ते मतभेद और सरकार की पुनर्वास नीति-2025 से प्रभावित होकर उसने पुलिस अधीक्षक वाॅय अक्षय कुमार के सामने आत्मसमर्पण किया।

आत्मसमर्पित नक्सली पिलसाय पूर्वी बस्तर डिवीजन के आमदई एलओएस (कृषि विभाग) का सक्रिय सदस्य था और कई गंभीर नक्सली वारदातों में शामिल रहा। इन वारदातों में आईटीबीपी जवानों की हत्या, जियो टावर जलाना और लूट की घटनाएं प्रमुख हैं।
आत्मसमर्पण के समय पुलिस अधीक्षक वाॅय अक्षय कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रूपेश कुमार डांडे, उप पुलिस अधीक्षक सतीष भार्गव और सीआरपीएफ 188वीं बटालियन के अधिकारी उपस्थित थे। पुनर्वास नीति-2025 के तहत पिलसाय को तुरंत 50 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह आत्मसमर्पण बस्तर क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों को कम करने और शांति स्थापना की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।



