प्रमोद मिश्रा

रायपुर, 18 अक्टूबर 2025
छत्तीसगढ़ के कवर्धा में शनिवार की शाम भक्ति और उत्सव का अद्भुत संगम देखने को मिला। नगर के हृदय स्थल पर विकसित ‘हनुमंत वाटिका’ का लोकार्पण उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया। वैदिक मंत्रोच्चार, सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ, महाआरती और रंग-बिरंगी आतिशबाज़ी से पूरा कवर्धा भक्ति भाव में सराबोर हो उठा।
कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुई, जिसके बाद उपमुख्यमंत्री ने भगवान हनुमान जी की विशाल प्रतिमा का अनावरण किया। पारंपरिक केसरिया परिधान में पहुंचे विजय शर्मा ने कहा — “हनुमंत वाटिका केवल एक पार्क नहीं, यह कवर्धा की आस्था, संस्कृति और स्वच्छता का प्रतीक है। जहां कभी अव्यवस्था थी, वहां अब श्रद्धा और सौंदर्य का संगम नजर आ रहा है।”
राजीव लोचन दास महाराज के आशीर्वचन और सामूहिक हनुमान चालीसा से गूंजा वातावरण
कार्यक्रम में दक्षिण कौशल पीठाधीश्वर राजीव लोचन दास महाराज ने कहा कि जहां हनुमान भक्ति होती है, वहां सदैव शक्ति, शांति और सेवा का संचार होता है। उनके सानिध्य में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने एक स्वर में “जय हनुमान ज्ञान गुन सागर” का पाठ किया। पूरा परिसर “जय बजरंग बली” के जयघोष से गूंज उठा।
महाआरती और आतिशबाज़ी से रोशन हुआ आसमान
लोकार्पण के बाद भगवान हनुमान की भव्य आरती संपन्न हुई। शंखध्वनि, घंटियों की गूंज और दीपों की लौ ने वातावरण को दिव्यता से भर दिया। इसके बाद हुई रंगीन आतिशबाज़ी ने आसमान को रोशन कर दिया और पूरा नगर उत्सवमय हो उठा।
हनुमंत वाटिका — आस्था और सौंदर्य का नया प्रतीक
नगर पालिका परिषद कवर्धा द्वारा विकसित इस हनुमंत वाटिका में हरियाली, वॉकिंग ट्रैक, ओपन जिम, बच्चों के झूले और भगवान हनुमान की विशाल प्रतिमा जैसे कई आकर्षण हैं। जहां पहले अव्यवस्था और अस्वच्छता थी, वहां अब श्रद्धा, सौंदर्य और सांस्कृतिक गौरव का केंद्र स्थापित हुआ है। नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने कहा — “हनुमंत वाटिका कवर्धा की पहचान बनेगी और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत साबित होगी।”
निर्माणकर्ताओं का हुआ सम्मान
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और राजीव लोचन महाराज ने मूर्ति निर्माता धनेश चंद्रवंशी, चित्रकार योगेश साहू और गार्डन निर्माता बलविंदर खुराना का सम्मान किया।
इस अवसर पर कृषक कल्याण बोर्ड अध्यक्ष सुरेश चंद्रवंशी, जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेन्द्र चंद्रवंशी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, नगर पालिका उपाध्यक्ष पवन जायसवाल, पार्षदगण, संतगण और बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।





