प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 27 अक्टूबर 2025

सोशल मीडिया पर कांग्रेस समर्थक बताई जा रही फेसबुक ID ‘भूपेश है तो भरोसा है’ से किए गए जातिसूचक और आपत्तिजनक पोस्ट को लेकर राजनीति गरमा गई है। डिप्टी मुख्यमंत्री अरुण साव ने इस विवाद पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि रायपुर ग्रामीण विधायक ने मामले की शिकायत थाने में दर्ज कराई है। किसी को सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी। छत्तीसगढ़ भाईचारे की धरती है, इसे खराब करने की इजाजत किसी को नहीं है।
इस मामले को लेकर भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई। विधायक मोतीलाल साहू और शहर जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि इस पोस्ट से साहू समाज और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का अपमान हुआ है। साथ ही फेसबुक ID को ब्लॉक कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग भी की गई है।
✨ राज्योत्सव में PM मोदी का आगमन, रजत जयंती वर्ष में होगा भव्य आयोजन
डिप्टी सीएम अरुण साव ने बताया कि छत्तीसगढ़ राज्योत्सव इस बार बेहद खास होने वाला है। रजत जयंती वर्ष के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रायपुर पहुंचेंगे। साव ने कहा कि पीएम मोदी का आना हमारे लिए गर्व की बात है, उनका आशीर्वाद पूरे राज्य को मिलेगा।
PM मोदी की प्रस्तावित गतिविधियां
• सत्य साईं हॉस्पिटल का दौरा
• ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के नवीन भवन का लोकार्पण
• नई विधानसभा भवन का उद्घाटन
• ट्राइबल म्यूजियम का शुभारंभ
• शाम को राज्योत्सव का विधिवत शुभारंभ
सरकार का दावा है कि लाखों लोग प्रदेश के कोने कोने से प्रधानमंत्री को सुनने आएंगे।
🗳️ बिहार चुनाव पर भी दिया बयान
बिहार चुनाव को लेकर पूर्व CM भूपेश बघेल को स्टार प्रचारक बनाए जाने पर अरुण साव ने तंज करते हुए कहा कि कांग्रेस की स्थिति बिहार में सब जानते हैं। कमजोर नेतृत्व और अंदरूनी कलह के कारण वहां कांग्रेस की दुर्दशा तय है और वह सिर्फ क्षेत्रीय दल की छोटी सहयोगी बनकर रह गई है।
छत्तीसगढ़ की राजनीति में सोशल मीडिया की आग अब सड़कों पर भी धधकने लगी है। राज्योत्सव की चमक के बीच जातिसूचक टिप्पणी का विवाद माहौल को कितना गर्माएगा, यह देखने वाली बात होगी।





