प्रमोद मिश्रा
रायपुर/सारण, 28 अक्टूबर 2025

बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की जीत सुनिश्चित करने छत्तीसगढ़ के शिक्षा, ग्रामोद्योग एवं विधि-विधायी मंत्री गजेन्द्र यादव बिहार में डेरा डाले हुए हैं। छपरा और बनियापुर विधानसभा क्षेत्र में वे भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में गांव, बाजार और समाज के बीच लगातार जनसंपर्क कर रहे हैं।
मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और बिहार में डबल इंजन की सरकार के साथ-साथ छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार का जनकल्याणकारी एवं सुशासन मॉडल दोनों ही प्रदेशों को विकास की नई दिशा दे रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि बिहार की जनता भी पारदर्शी और परिणाममुखी शासन का लाभ उठाने के लिए एनडीए को पुनः अवसर देगी।
छपरा विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी छोटी कुमारी के समर्थन में यादव ने व्यापारियों, युवाओं और आम नागरिकों से मुलाकात की और छठ पर्व की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार ने सड़क, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य सहित बुनियादी ढांचे में अभूतपूर्व सुधार किए हैं, जो आज हर घर तक पहुँच चुके हैं।
मतदाताओं से अपील करते हुए मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार विकास की ऊँचाइयों को छू रहा है और इसे और आगे ले जाने के लिए एनडीए सरकार का दोबारा गठन जरूरी है।
एक दिन पहले गजेन्द्र यादव सारण और महाराजगंज लोकसभा क्षेत्र की संगठनात्मक बैठक में शामिल हुए थे। बैठक में आगामी 30 अक्टूबर को छपरा में होने वाली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान राष्ट्रीय सचिव अरविंद मेनन, महाराजगंज लोकसभा प्रभारी और मध्यप्रदेश केबिनेट मंत्री विश्वास सारंग, महाराजगंज सांसद जनार्दन सिंह सिगरीवाल, छत्तीसगढ़ के मंत्री लखन लाल देवांगन, विधायक रिकेश सेन, विधायक भावना बोहरा समेत बड़ी संख्या में संगठन पदाधिकारी उपस्थित थे।



