प्रमोद मिश्रा

रायपुर, 1 नवंबर 2025
छत्तीसगढ़ राज्य के स्थापना दिवस के अवसर पर आज मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। मुख्यमंत्री ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और उन्नति की कामना की।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ महतारी हमारी अस्मिता, आस्था और स्वाभिमान का प्रतीक हैं। यह भूमि मातृशक्ति की आराधना वाली भूमि है और छत्तीसगढ़ महतारी के आशीर्वाद से ही प्रदेश विकास के पथ पर निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने का यह अवसर छत्तीसगढ़ की गौरवशाली यात्रा और नई ऊर्जा का प्रतीक है।
साय ने आगे कहा कि राज्य सरकार आम जनता के जीवनस्तर में सुधार, महिला सशक्तिकरण, कृषि विकास, युवाओं के लिए रोजगार सृजन, आदिवासी समाज की उन्नति और सांस्कृतिक संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि रजत जयंती वर्ष छत्तीसगढ़ को नए संकल्पों और उपलब्धियों की ओर अग्रसर करेगा।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के छत्तीसगढ़ आगमन को ऐतिहासिक बताया और कहा कि यह राज्य के लिए गर्व और गौरव का क्षण है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि छत्तीसगढ़ महतारी के आशीर्वाद से आने वाले समय में प्रदेश देश के अग्रणी और समृद्ध राज्यों में अपनी सशक्त पहचान बनाएगा।
इस अवसर पर विधायक पुरंदर मिश्रा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।





