प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 02 नवंबर 2025

आत्मविश्वास से लबरेज भारत की बेटियां रविवार को जब वनडे विश्व कप के फाइनल में मैदान पर उतरेगी तो उसका लक्ष्य पहली बार खिताब जीतने का होगा। हालांकि, उसके सामने चुनौती आसान नहीं होगी, क्योंकि उसका मुकाबला पहली बार फाइनल में पहुंची और शानदार फॉर्म में चल रही दक्षिण अफ्रीकी टीम से है। दोनों टीमें इस ऐतिहासिक मुकाबले में जबरदस्त आत्मविश्वास के साथ उतरेंगी, जहां दुनिया को एक नया विश्व चैंपियन मिलने वाला है।
भारत का सफर मौजूदा वनडे विश्व कप में बेहद उतार-चढ़ाव भरा रहा। लीग चरण के मध्य में टीम के बाहर होने का खतरा मंडरा रहा था, लेकिन बल्लेबाजों ने अहम मौकों पर लय हासिल कर टीम को खिताबी दौड़ में बनाए रखा। दूसरी ओर, दक्षिण अफ्रीका ने इंग्लैंड और आस्ट्रेलिया के विरुद्ध हार के बावजूद अपने बाकी सभी मैचों में दबदबे वाला प्रदर्शन किया और सेमीफाइनल में इंग्लैंड को 125 रन से हराकर अपनी ताकत साबित की।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव रहेंगे जगदलपुर प्रवास पर
छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव आज जगदलपुर के प्रवास पर जाएंगे । तय कार्यक्रम के मुताबिक सुबह 10 बजकर 45 मिनट में रायपुर से जगदलपुर के लिए उड़ान भरेंगे । इसके बाद दोपहर 12 बजे से राज्योत्सव के शुभारंभ कार्यक्रम में बतौर मुख अतिथि मौजूद रहेंगे । जगदलपुर में लोगों से मुलाकात के बाद रायपुर के लिए उड़ान भरेंगे और शाम तक रायपुर लौट आएंगे ।
कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल बलौदाबाजार जिले के दौरे पर
कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल आज बलौदाबाजार जिले के दौरे पर रहेंगे । तय कार्यक्रम के मुताबिक सुबह 9 बजे रायपुर से रवाना होकर कसडोल पहुंचेंगे और कसडोल से हसुवा पहुंचकर सायकल वितरण कार्यक्रम में शामिल होंगे । इसके बाद बलौदाबाजार विकासखंड के खटियापाटी में स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे । वहां से बलौदाबाजार पहुंचेंगे और फाइनेंस लैब का उद्घाटन करेंगे । बलौदाबाजार में कार्यकर्ताओं से मुलाकात के बाद अपने निवास रतनपुर, खड़गंवा के लिए रवाना हो जाएंगे ।
जिलों में आज से राज्योत्सव की शुरुआत
राज्य स्थापना दिवस 2025 के अवसर पर प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में भव्य राज्योत्सव कार्यक्रम का आयेाजन किया जाएगा। जिलों में 2 नवंबर से 4 नवंबर तक कार्यक्रम होंगे । राज्य शासन द्वारा जारी सूची के अनुसार राजनांदगांव जिला मुख्यालय में आयेाजित राज्योत्सव कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉक्टर रमन सिंह, सरगुजा में मुख्य अतिथि कृषि मंत्री रामविचार नेताम होंगे। इसी प्रकार बिलासपुर जिला मुख्यालय में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, बस्तर में उप मुख्यमंत्री अरूण साव और दुर्ग में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा जिला मुख्यालय में आयोजित राज्योत्सव कार्यक्रम में मुख्य अतिथि होंगे।
गरियाबंद में मंत्री दयालदास बघेल, दंतेवाड़ा में मंत्री केदार कश्यप, कोरबा में मंत्री लखन लाल देवांगन, जशपुर में मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल तथा रायगढ़ में मंत्री ओपी चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। सूरजपुर में मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, जांजगीर-चांपा में मंत्री टंकराम राम वर्मा, बालोद में मंत्री गजेन्द्र यादव, कोरिया में मंत्री राजेश अग्रवाल और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में मंत्री गुरू खुशवंत साहेब जिला मुख्यालय में आयोजित राज्योत्सव कार्यक्रम में मुख्य अतिथि होंगे।
बलौदाबाजार-भाटापारा में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, बेमेतरा में सांसद विजय बघेल, कबीरधाम में सांसद संतोष पाण्डेय, बलरामपुर-रामानुजगंज में सांसद चिंतामणि महाराज, महासमुंद में सांसद रूपकुमारी चौधरी, सारंगढ़-बिलाईगढ़ में सांसद राधेश्याम राठिया, सक्ति में सांसद कमलेश जांगड़े, बीजापुर में सांसद महेश कश्यप, कांकेर में सांसद भोजराज नाग तथा खैरागढ़-गंडई-छुईखदान में राज्यसभा सांसद देवेन्द्र प्रताप सिंह जिला मुख्यालय में आयोजित राज्योत्सव कार्यक्रम में मुख्य अतिथि होंगे।
मुंगेली जिले में विधायक पुन्नू लाल मोहले, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही में विधायक धरमलाल कौशिक, धमतरी में विधायक अजय चन्द्राकर, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में विधायक रेणुका सिंह, कोण्डागांव में विधायक लता उसेंडी, नारायणपुर में विधायक विक्रम उसेंडी तथा सुकमा जिले में विधायक किरणसिंह देव जिला मुख्यालय में आयोजित राज्योत्सव कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल होंगे।





