प्रमोद मिश्रा

रायपुर, 03 नवंबर 2025
छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ पर राजधानी नवा रायपुर का आसमान 5 नवंबर को देशभक्ति, उत्साह और रोमांच से भर उठेगा। भारतीय वायुसेना की विश्वप्रसिद्ध सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम (Suryakiran Aerobatic Team – SKAT) सुबह 10 से 12 बजे तक अपने अद्भुत हवाई करतबों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर देगी।
इस भव्य एरोबैटिक शो की तैयारियों का जायजा लेने के लिए संभागायुक्त महादेव कावरे, आईजी अमरेश मिश्रा, कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह और एसएसपी डॉ. लाल उम्मेद सिंह ने नवा रायपुर में स्थल निरीक्षण किया। अधिकारियों ने पार्किंग, सुरक्षा, बैठने की व्यवस्था, प्रसाधन और अन्य सुविधाओं की समीक्षा करते हुए सभी कार्यों को समय पर और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। भारतीय वायुसेना द्वारा 4 नवंबर को शो का पूर्वाभ्यास किया जाएगा।
राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष पर आयोजित यह सूर्यकिरण एरोबैटिक शो छत्तीसगढ़ की प्रगति, आत्मविश्वास और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक बनेगा। जब सूर्यकिरण टीम के विमान नवा रायपुर के आसमान में उड़ान भरेंगे, तब ‘बॉम्ब बर्स्ट’, ‘हार्ट-इन-द-स्काई’ और ‘एरोहेड’ जैसी शानदार फॉर्मेशन्स पूरे वातावरण को देशभक्ति के रंगों से सराबोर कर देंगी।
यह प्रदर्शन छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा, जो यह संदेश देगा कि अनुशासन, तकनीक और टीमवर्क से हर कठिन लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
रायपुर और आसपास के जिलों से हजारों नागरिक, विद्यार्थी और परिवार इस ऐतिहासिक शो को देखने नवा रायपुर पहुंचेंगे। यह आयोजन जनसहभागिता और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक होगा।
‘सूर्यकिरण एरोबैटिक शो’ केवल एक हवाई प्रदर्शन नहीं, बल्कि भारतीय वायुसेना के शौर्य, सटीकता और समर्पण का जीवंत उदाहरण है।
5 नवंबर को नवा रायपुर का आसमान गर्व, रोमांच और देशभक्ति के रंगों से भर जाएगा। सूर्यकिरण टीम का यह शानदार प्रदर्शन छत्तीसगढ़ की रजत जयंती को इतिहास के स्वर्णिम पन्नों में दर्ज कर देगा।
इस अवसर पर एनआरडीए सीईओ चंदन कुमार, निगम आयुक्त विश्वदीप, जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।





