प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 04 नवंबर 2025

प्रदेश में चुनाव आयोग द्वारा मतदाता सूची का विशेष गहन परीक्षण (एसआईआर) अभियान मंगलवार से शुरू हो गया है। इसी क्रम में भाजपा संगठन ने बुधवार को राजधानी रायपुर के कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में एक अहम बैठक बुलाई है। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री और प्रदेश प्रभारी शिव प्रकाश विशेष रूप से मौजूद रहेंगे।
बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश के सभी मंत्री, सांसद, विधायक और सभी जिलों के अध्यक्ष शामिल होंगे। इस दौरान एसआईआर से संबंधित नियमों, प्रक्रियाओं और जनसहयोग के बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
भाजपा के प्रदेश महामंत्री नवीन मार्कंडेय ने बताया कि कांग्रेस एसआईआर को लेकर जनता के बीच भ्रम फैला रही है। भाजपा इस भ्रम को दूर कर जनता को सही जानकारी देने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि देश के एक दर्जन राज्यों में चुनाव आयोग द्वारा एसआईआर प्रक्रिया चलाई जा रही है और छत्तीसगढ़ में भी यह कार्य प्रारंभ हो चुका है।
राष्ट्रीय संगठन ने निर्णय लिया है कि जनता की एसआईआर में मदद करने के लिए प्रदेश स्तर पर विशेष बैठकें की जाएं। इसी कड़ी में 5 नवंबर को रायपुर में होने वाली बैठक में शिव प्रकाश स्वयं उपस्थित रहकर मार्गदर्शन देंगे। वे सुबह दिल्ली से रायपुर पहुंचेंगे और कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।
👉 मुख्य उद्देश्य:
- जनता को एसआईआर प्रक्रिया की जानकारी देना
- कांग्रेस के प्रचारित भ्रम को दूर करना
- मतदाता सूची सुधार में जनभागीदारी सुनिश्चित करना



