जशपुर, 06 नवंबर 2025
गौ तस्करी के खिलाफ चल रहे “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत जशपुर पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चौकी सोनक्यारी क्षेत्र के ग्राम गुल्लू से 10 नग गौवंशों को तस्करों के कब्जे से मुक्त कराया है। वहीं एक अन्य पुराने मामले में फरार आरोपी इमरोज अंसारी को झारखंड के लोहरदगा से गिरफ्तार किया गया है।

➡️ पहली कार्रवाई – चौकी सोनक्यारी क्षेत्र में गौवंशों की बरामदगी
पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर ग्राम गुल्लू जंगल के रास्ते पैदल ही गौवंशों को मारते-पीटते हुए हांक कर ले जा रहे हैं। सूचना पर तत्काल चौकी सोनक्यारी पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए, जबकि पुलिस ने मौके से 10 नग गौवंशों को सकुशल बरामद कर लिया।
फरार तस्करों की तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक वैभव सिंह, प्रधान आरक्षक विशाल गुप्ता, आरक्षक विमल मिंज और नगर सैनिक शिव शंकर रवि की अहम भूमिका रही।
➡️ दूसरी कार्रवाई – फरार गौतस्कर इमरोज अंसारी गिरफ्तार
वर्ष 2024 में थाना तुमला क्षेत्र के ग्राम बारो में टाटा छोटा हाथी वाहन (क्रमांक JH 01U 9753) से तीन गौवंशों की तस्करी का मामला दर्ज हुआ था। उस समय आरोपी तस्कर वाहन और गौवंश छोड़कर फरार हो गए थे।
मुख्य आरोपी इमरोज अंसारी (27 वर्ष, निवासी भटगांव, थाना सेन्हा, जिला लोहरदगा, झारखंड) की पहचान कर ली गई थी, लेकिन वह घटना के बाद से फरार था।
जशपुर पुलिस की टीम ने टेक्निकल इनपुट के आधार पर लोहरदगा से आरोपी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी तुमला कोमल सिंह नेताम, सहायक उपनिरीक्षक टेकराम सारथी, आरक्षक बसंत खुटिया और रूबेन तिग्गा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
➡️ एसएसपी जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि ऑपरेशन शंखनाद के तहत पुलिस लगातार गौ तस्करों पर नकेल कस रही है। एक ओर जहां गौवंशों को तस्करों से मुक्त कराया जा रहा है, वहीं पुराने मामलों में फरार आरोपियों को भी ढूंढकर गिरफ्तार किया जा रहा है।
— जशपुर पुलिस का ऑपरेशन शंखनाद जारी है।





