प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 08 नवंबर 2025

एक फरार आरोपी और बांग्लादेशी नागरिक को सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने दुर्ग रेलवे स्टेशन पर कुरला एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 18029) से गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई मुंबई पुलिस से मिली सूचना के आधार पर रायपुर सुरक्षा नियंत्रण कक्ष से मिले इनपुट पर की गई।
7 नवम्बर 2025 को जानकारी मिली कि एक वांछित आरोपी, जिसके खिलाफ पासपोर्ट अधिनियम की धारा 03(ए) और 06(ए) तथा विदेशी अधिनियम की धारा 14(ए) और 14(बी) के तहत नवी मुंबई राबले थाने में अपराध क्रमांक 245/25 दर्ज है, कुरला एक्सप्रेस की जनरल बोगी में यात्रा कर रहा है। आरोपी पिछले कुछ समय से फरार था।
सूचना मिलते ही दुर्ग पोस्ट प्रभारी, सहायक उप निरीक्षक वर्मा, पुलिस बल एवं जीआरपी स्टाफ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्लेटफार्म नंबर 05 पर ट्रेन के पहुंचते ही 18:12 बजे सभी बोगियों में संयुक्त तलाशी अभियान चलाया। आरोपी को स्लीपर कोच में बैठे हुए पकड़ा गया।
आरोपी की पहचान अजमीर आलामिन शेख (19 वर्ष), पिता आलामिन शेख, निवासी ग्राम बुधीखाली, थाना कालिया, जिला नोडल (बांग्लादेश) के रूप में हुई। उसके पास से कोई पहचान दस्तावेज नहीं मिला।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को जीआरपी दुर्ग थाना लाया गया, जहां उससे पूछताछ की गई। इस संबंध में संबंधित थाने को सूचित किया गया।
8 नवम्बर 2025 को मुंबई पुलिस की टीम रायपुर एयरपोर्ट पहुंची और वहां से दुर्ग स्टेशन पहुंची। औपचारिक कार्यवाही पूरी करने के बाद आरोपी को मुंबई पुलिस के सब-इंस्पेक्टर और उनकी टीम को कानूनी कार्रवाई हेतु सौंप दिया गया।
उल्लेखनीय है कि मुंबई की सक्षम अदालत ने 27 अक्टूबर 2025 को इस बांग्लादेशी नागरिक को देश-निकाला (डिपोर्टेशन) का आदेश दिया था।



