अंबिकापुर, 08 नवंबर 2025

छत्तीसगढ़ की कांग्रेस राजनीति में उस समय भूचाल आ गया जब पूर्व विधायक बृहस्पति सिंह ने संगठन में पैसों की उगाही का गंभीर आरोप लगाया। बृहस्पति सिंह ने दावा किया कि कांग्रेस जिला अध्यक्षों की नियुक्ति के लिए उम्मीदवारों से 5 से 7 लाख रुपए तक की डिमांड की जा रही है। इस संबंध में उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पूर्व विधायक ने बताया कि सरगुजा संभाग के कई जिलों से यह शिकायतें मिल रही हैं कि कुछ लोगों द्वारा फोन कर पैसे मांगे जा रहे हैं। कॉल करने वाला खुद को कांग्रेस की छत्तीसगढ़ सह प्रभारी जरिता मैडम का सेक्रेटरी बताता है और कहता है कि पैसे देने के बाद जिला अध्यक्ष बना दिया जाएगा।
बृहस्पति सिंह ने कहा कि कुछ लोगों ने महिला की आवाज पहचानने की बात कही है, जबकि कुछ उसे नहीं पहचान पाए। उन्होंने इस पूरे मामले में कांग्रेस की सह प्रभारी जरिता के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
उन्होंने कहा कि “राहुल गांधी ने संगठन को मजबूत करने के लिए एक पारदर्शी व्यवस्था बनाई है, लेकिन कुछ लोग उस पर पानी फेर रहे हैं। अगर इस पर सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो पार्टी को नुकसान उठाना पड़ेगा।”
इतना ही नहीं, बृहस्पति सिंह ने अपने वीडियो में यह भी आरोप लगाया कि पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान तत्कालीन कांग्रेस प्रभारी शैलजा कुमारी ने भी पैसे लेकर टिकट बांटे थे, जिसके चलते कांग्रेस को सत्ता से हाथ धोना पड़ा।
उन्होंने कहा, “शैलजा कुमारी को इसी वजह से दरकिनार किया गया है। अब जरिता के खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए ताकि पार्टी की साख बच सके।”
कांग्रेस संगठन से जुड़े इस वीडियो और आरोपों ने प्रदेश की राजनीति में हलचल मचा दी है। अब देखना यह होगा कि कांग्रेस आलाकमान इन आरोपों पर क्या रुख अपनाता है।



