बिलासपुर, 08 नवंबर 2025/ जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र से शनिवार शाम एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहाँ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता और पूर्व पार्षद शिव मोहन बघेल पर चार अज्ञात युवकों ने जानलेवा हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि यह विवाद गाली-गलौच का विरोध करने पर शुरू हुआ था।

जानकारी के अनुसार, बघेल अपने किसी निजी कार्य से बाहर निकले थे, तभी एक कार से चार युवक मौके पर पहुंचे और उनसे विवाद करने लगे। जब बघेल ने उन्हें अभद्र भाषा का प्रयोग न करने की समझाइश दी, तो विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने उन पर लात-घूंसे से हमला कर दिया।
घटना का CCTV फुटेज अब सामने आया है, जिसमें साफ दिखाई दे रहा है कि चार युवक कार से उतरकर भाजपा नेता पर हमला करते हैं। आसपास के लोग जब तक कुछ समझ पाते, हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलने पर रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने चार अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर CCTV फुटेज के आधार पर उनकी पहचान की कोशिशें तेज कर दी हैं।
इस घटना को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने कड़ी निंदा करते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं स्थानीय लोगों में भी घटना को लेकर रोष व्याप्त है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान जल्द की जाएगी और उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक कार्रवाई की जाएगी।





