प्रमोद मिश्रा

रायपुर, 08 नवम्बर 2025
प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने शनिवार शाम कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर विकासखंड स्थित सुदूर वनांचल ग्राम मुल्ला के पुनर्वास केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने हथियार छोड़कर मुख्यधारा में लौटे युवाओं को दी जा रही बहुआयामी कौशल विकास प्रशिक्षण की समीक्षा की और उन्हें आजीविका आधारित रोजगार से जोड़ने के निर्देश दिए।
उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रशिक्षण सत्र में युवाओं को दो या दो से अधिक व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में प्रशिक्षित किया जाए, ताकि वे अधिक कुशल बनें और दीर्घकालिक रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकें। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, खेती और परिवार से जुड़ी जानकारी ली तथा आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड बनाने और स्वास्थ्य परीक्षण कराने के लिए भी निर्देश दिए।
इस अवसर पर उन्होंने मुख्यधारा में लौटे युवाओं के लिए सामूहिक विवाह की व्यवस्था कराने, विधानसभा सत्र में रायपुर भ्रमण कराकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया की जानकारी देने और उनकी कार्यप्रणाली से अवगत कराने के निर्देश भी दिए।
पुनर्वास केंद्र में वर्तमान में 66 प्रशिक्षु प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं, जिनमें 52 युवक एवं 14 प्रभावित परिवार के सदस्य शामिल हैं। इनमें से 36 काष्ठ शिल्प, 15 राज मिस्त्री और 15 इलेक्ट्रिशियन ट्रेड का प्रशिक्षण ले रहे हैं, जिससे वे स्वावलंबी होकर अपने परिवार और समाज के आर्थिक विकास में योगदान दे सकें।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष किरण नरेटी, कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इंदिरा कल्याण एलेसेला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीमाली, जिला पंचायत सीईओ हरेश मंडावी, एसडीएम भानुप्रतापपुर जी.डी. वाहिले, डिप्टी कलेक्टर राहुल रजक, लाइवलीहुड कॉलेज प्राचार्य सुनील नेताम सहित जिला और ब्लॉक स्तर के अधिकारी उपस्थित थे।





