प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 13 नवंबर 2025

मुख्यमंत्री निवास रायपुर में आज गुरुवार को जनदर्शन का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम दोपहर 12:00 बजे से 3:00 बजे तक आयोजित होगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय इस अवसर पर प्रदेशभर से पहुंचे नागरिकों से सीधे संवाद करेंगे, उनकी समस्याएं सुनेंगे और त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश देंगे।
मुख्यमंत्री साय ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जनदर्शन में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का संवेदनशीलता और तत्परता से निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता को उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान मिल सके।
राज्य सरकार का यह जनदर्शन कार्यक्रम शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का एक सशक्त माध्यम बन गया है। इस पहल से आम नागरिक बिना किसी औपचारिकता या बाधा के सीधे मुख्यमंत्री से मिलकर अपनी बात रख सकते हैं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की यह पहल उनकी जनसरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता और पारदर्शी सुशासन के प्रति संकल्प को दर्शाती है। उनके नेतृत्व में राज्य सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि प्रशासनिक तंत्र जनता के प्रति उत्तरदायी बने और लोगों की समस्याओं का समाधान शीघ्रता से हो।
जनदर्शन में आज रायपुर सहित विभिन्न जिलों से आए नागरिक अपनी शिकायतें, सुझाव और मांगें मुख्यमंत्री के समक्ष रखेंगे। कई सामाजिक संगठन, महिला समूह, युवा प्रतिनिधि और किसान भी अपनी समस्याओं और योजनाओं से जुड़ी जानकारी साझा करेंगे।
राज्य सरकार की यह पहल जनता के विश्वास को और मजबूत कर रही है तथा “जनता के द्वार पर सरकार” के संकल्प को साकार कर रही है।





