प्रमोद मिश्रा

रायपुर, 14 नवंबर 2925
देशभर के पुलिस प्रमुखों का सबसे बड़ा मंच 60वां अखिल भारतीय पुलिस महानिदेशक (DGP) और महानिरीक्षक (IGP) सम्मेलन इस बार छत्तीसगढ़ में आयोजित होगा। यह हाई-लेवल तीन दिवसीय सम्मेलन 28 से 30 नवंबर 2025 तक नया रायपुर स्थित IIM कैंपस में होगा।
यह वार्षिक सम्मेलन, जो राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श का सर्वोच्च मंच है, उसका उद्घाटन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सम्मेलन के समापन सत्र में मौजूद रहेंगे। इसकी जानकारी छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री विजय मिश्रा ने दी।
सम्मेलन में आंतरिक सुरक्षा चुनौतियों, एंटी-टेररिज़्म, ड्रग नियंत्रण, साइबर सुरक्षा, सीमा प्रबंधन, और नक्सलवाद के खिलाफ रणनीतियों पर विस्तृत चर्चाएँ होंगी।
इस बार विशेष फोकस नक्सल विरोधी रणनीति को मजबूत करने पर होगा, खासकर बस्तर क्षेत्र में। हाल के महीनों में राज्य पुलिस और केंद्रीय अर्धसैनिक बलों ने मिलकर कई बड़े सफल ऑपरेशन किए हैं। सम्मेलन में ‘बस्तर मॉडल’ को राष्ट्रीय स्तर पर अपनाने पर चर्चा होगी।
अधिकारियों के मुताबिक, बस्तर में हालिया सफलताएँ बेहतर ग्राउंड इंटेलिजेंस, आधुनिक हथियारों, और जॉइंट एक्शन की वजह से मिली हैं। सम्मेलन में भविष्य की रणनीति का ब्लूप्रिंट तैयार किए जाने की उम्मीद है ताकि वामपंथी उग्रवाद (LWE) पर और प्रभावी कार्रवाई हो सके।
पिछला सम्मेलन भुवनेश्वर में हुआ था। छत्तीसगढ़ में पहली बार इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सुरक्षा आयोजन की मेजबानी राज्य के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आगमन पिछले एक महीने में उनका छत्तीसगढ़ का दूसरा दौरा होगा। इससे पहले वह 1 नवंबर को राज्योत्सव के अवसर पर रायपुर आए थे, जहाँ उन्होंने जनजातीय संग्रहालय का उद्घाटन, राज्योत्सव कार्यक्रम में शामिल होने, और सत्य साई संजीवनी अस्पताल में बच्चों से मुलाकात की थी।
सम्मेलन और VVIP मूवमेंट को देखते हुए नया रायपुर स्थित बंगला M-01 को तीन दिनों के लिए अस्थायी मिनी-PMO में बदला जाएगा। यह बंगला विधानसभा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह का शासकीय आवास है।
सम्मेलन में 500 से अधिक शीर्ष अधिकारी शामिल होंगे, जिनमें PM मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, पैरा-मिलिट्री फोर्सेज के प्रमुख, और 70 DG-स्तर के अधिकारी मौजूद रहेंगे।
नया रायपुर में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। NSG कमांडो तैनात रहेंगे और VVIP मूवमेंट के लिए 400 वाहनों का बेड़ा तैयार किया जा रहा है।
।





