प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 19 नवंबर 2025

छत्तीसगढ़ और सीमावर्ती इलाकों में जारी एंटी नक्सल अभियान को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बुधवार को मीडिया से चर्चा में बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि “करीब दो साल होने को आया, हमारे जवान लगातार मजबूती से नक्सलियों के खिलाफ लड़ रहे हैं। अब नक्सलवाद का समापन होने वाला है, वह अपनी अंतिम सांसें गिन रहा है। केंद्र में भाजपा की सरकार है, जिसका लाभ प्रदेश को मिल रहा है। प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री के नक्सलवाद को समाप्त करने के संकल्प को हम पूरा कर रहे हैं।”
सीएम साय ने विधानसभा के पुराने भवन में हुई चर्चा का जिक्र करते हुए कहा कि हाफ बिजली बिल योजना को और बेहतर बनाया गया है।
- पहले 100 यूनिट तक हाफ बिल मिलता था, अब इसे बढ़ाकर 200 यूनिट कर दिया गया है।
- इससे बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी।
- जो इसके दायरे से बाहर रह गए हैं, उन्हें प्रधानमंत्री सूर्य मुफ्त बिजली योजना से लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि एक किलोवाट सोलर सिस्टम पर—
- भारत सरकार दे रही है 30,000 रुपए सब्सिडी,
- राज्य सरकार दे रही है 15,000 रुपए सब्सिडी,
- यानी लागत का लगभग तीन चौथाई हिस्सा सब्सिडी के रूप में दिया जाएगा।
उपभोक्ता को केवल एक चौथाई खर्च वहन करना होगा, जो कुछ वर्षों में लोन के साथ पूरा हो जाएगा। इसके बाद वे मुफ्त में बिजली का उपयोग कर सकेंगे और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त बिजली बेचने का लाभ भी पाएंगे।
धमतरी में आयोजित PM किसान सम्मान निधि की 21वीं किस्त अंतरण कार्यक्रम पर सीएम साय ने कहा कि आज का दिन देशभर के किसानों के लिए सौभाग्य का दिन है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कोयंबटूर से देश के 9 करोड़ किसानों के बैंक खातों में 21वीं किस्त के 18 हजार करोड़ रुपए जारी करने वाले हैं।
छत्तीसगढ़ के 24 लाख 70 हजार किसानों को 494 करोड़ रुपए मिलेंगे।
मुख्यमंत्री ने सभी किसानों को बधाई देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कृषि मंत्री शिवराज चौहान का आभार जताया।





