प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 19 नवंबर 2025। राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज ऑल इंडिया फ़ॉरेस्ट स्पोर्ट्स मीट में लगातार 13वीं बार ओवरऑल चैंपियन बनने वाली छत्तीसगढ़ टीम के विजेता खिलाड़ियों से भेंट कर उन्हें बधाई दी। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि इस उपलब्धि ने पूरे प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।

देहरादून में 12 से 16 नवंबर तक आयोजित 28वीं ऑल इंडिया फ़ॉरेस्ट स्पोर्ट्स मीट में छत्तीसगढ़ ने कुल 150 पदक और 578 अंक हासिल कर प्रतियोगिता में अपना दबदबा कायम किया। टीम ने 74 स्वर्ण, 34 रजत और 42 कांस्य पदक जीतकर इतिहास रच दिया। यह प्रदर्शन पहले रनर-अप से 221 अंकों की बड़ी बढ़त के साथ आया।
विजेता खिलाड़ियों में निखिल ज़ाल्को ने तैराकी में पांच स्वर्ण जीतकर सर्वश्रेष्ठ पुरुष खिलाड़ी का खिताब जीता। संगीता राजगोपालन ने बैडमिंटन और टेनिस में चार स्वर्ण एवं एक रजत पदक जीतकर सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी बनीं। थोटा संकीर्तन ने महिला ओपन वर्ग में पांच स्वर्ण जीतकर सर्वश्रेष्ठ एथलीट का सम्मान पाया। वेटरन श्रेणी में सुखनंदन लाल ध्रुव और चारुलता गजपाल ने शानदार प्रदर्शन किया।
इस सफलता के लिए वन मंत्री केदार कश्यप और वन बल प्रमुख वी. श्रीनिवास राव के मार्गदर्शन को अहम माना गया। छत्तीसगढ़ वन विभाग ने इस जीत के माध्यम से न केवल खेल में उत्कृष्टता का प्रदर्शन किया, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर खेल भावना और अनुशासन का नया मानक स्थापित किया।
मुख्यमंत्री के अलावा स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, नान के चेयरमैन संजय श्रीवास्तव, योग आयोग अध्यक्ष रूप नारायण सिन्हा, आदिवासी एवं औषधीय पादप बोर्ड के अध्यक्ष विकास मरकाम और वक्फ बोर्ड चेयरमैन डॉ. सलीम राज समेत कई गणमान्य लोग और विजेता खिलाड़ी इस अवसर पर मौजूद थे।
छत्तीसगढ़ की यह जीत प्रदेश की खेल परंपरा, मेहनत और टीम भावना का प्रतीक बन गई है।



