प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 21 नवंबर 2025

छत्तीसगढ़ के मौसम में अगले कुछ दिनों में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है। कड़ाके की ठंड से जूझ रहे लोगों को राहत देते हुए मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि आगामी 5 दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होगी। इसके बावजूद सरगुजा, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के कुछ इलाकों में शीतलहर का असर बना रह सकता है।
राज्य में मौसम शुष्क, अंबिकापुर सबसे ठंडा
पिछले 24 घंटों में प्रदेश का मौसम पूरी तरह शुष्क रहा। अधिकतम तापमान दुर्ग में 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 10.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। इस दौरान प्रदेश के किसी भी हिस्से में वर्षा की गतिविधि नहीं देखी गई।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में आज यानी 21 नवंबर को आसमान साफ रहने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान लगभग 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 15 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
प्रदेश में हल्की गर्माहट लौटने के बावजूद सुबह और रात की ठंड से फिलहाल पूरी तरह राहत मिलने के आसार नहीं हैं।





