नई दिल्ली, 21 नवंबर 2025

अवैध कोयला खनन और तस्करी नेटवर्क पर शिकंजा कसते हुए प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शुक्रवार सुबह एक बड़ी कार्रवाई शुरू की। एजेंसी ने झारखंड और पश्चिम बंगाल में 40 से अधिक स्थानों पर एक साथ छापेमारी की है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, ईडी ने कई ठिकानों से कैश, सोना, कीमती गहने और महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं।
सूत्रों के अनुसार, पश्चिम बंगाल में दुर्गापुर, पुरुलिया, हावड़ा और कोलकाता के करीब 24 परिसरों पर ईडी की टीमें तलाशी कर रही हैं।
जिन व्यक्तियों के ठिकानों पर छापे डाले गए हैं, उनमें प्रमुख नाम शामिल हैं—
- नरेंद्र खरका
- अनिल गोयल
- युधिष्ठिर घोष
- कृष्ण मुरारी कयाल
- और कई अन्य कारोबारी
बंगाल में हुई छापेमारी के दौरान ईडी को भारी मात्रा में नकदी और महंगे गहने मिलने की पुष्टि सूत्रों ने की है।
इसी क्रम में ईडी की टीमें झारखंड के 18 स्थानों पर भी छापेमारी कर रही हैं।
जांच जिन मामलों से संबंधित है, उनमें शामिल प्रमुख नाम हैं—
- अनिल गोयल
- संजय उद्योग
- एलबी सिंह
- अमर मंडल
सूत्रों की मानें तो यह सभी नाम अवैध कोयला चोरी, सप्लाई और स्मगलिंग रैकेट से जुड़े हुए हैं।
ईडी की यह संयुक्त कार्रवाई अवैध खनन और तस्करी से जुड़े अरबों रुपये के रैकेट के खिलाफ की जा रही है। पिछले वर्षों में भी केंद्रीय एजेंसियों ने कई बार कोयला माफियाओं पर कार्रवाई की थी, लेकिन इस बार की छापेमारी को अब तक की सबसे व्यापक कार्रवाई माना जा रहा है।
जांच अभी जारी है और एजेंसी आने वाले समय में और बड़े खुलासे कर सकती है।





