प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 21 नवंबर 2025

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से बड़ी खबर सामने आई है। रायपुर दक्षिण के विधायक सुनील सोनी साइबर ठगी का शिकार हो गए। 19 नवंबर की शाम उनके फोन पर अज्ञात नंबर से कॉल आया, जिसमें ठगों ने खुद को इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) का अधिकारी बताते हुए उन्हें डिजिटल अरेस्ट कर लिया और करीब पाँच मिनट तक धमकाते रहे।
कॉलर ने विधायक का नाम पहलगाम आतंकी हमले से जोड़ते हुए कहा कि उनका फोन नंबर कश्मीर की आतंकी घटना में उपयोग हुआ है, इसलिए उन्हें दिल्ली तलब किया जा रहा है।
मामले पर विधायक सुनील सोनी ने बताया कि कॉलर की भाषा और रवैया इतना आक्रामक था कि वह क्षणभर के लिए मानसिक रूप से विचलित हो गए।
- कॉलर लगातार दबाव बनाकर धमकाता रहा कि दिल्ली तुरंत पेश होना पड़ेगा।
- जब विधायक ने खुद को रायपुर दक्षिण से विधायक बताया, तब ठग ने कहा— “हमारा आदमी आपको कॉल करेगा और आपको अरेस्ट करेगा।”
घटना के बाद विधायक ने तुरंत रायपुर SSP को इसकी जानकारी दी। उन्होंने साइबर थाना पहुंचकर पूरे मामले की लिखित शिकायत भी दर्ज कराई है। पुलिस अब कॉल के सोर्स और ठगों की पहचान में जुट गई है।
सुनील सोनी ने जनता से अपील की—
- ऐसी किसी भी धमकी भरी कॉल पर डरें नहीं।
- तुरंत पुलिस या साइबर थाने में सूचना दें।
- ठग बातचीत के जरिए भ्रम पैदा करते हैं, लेकिन सतर्क रहकर ही बचाव संभव है।
उन्होंने कहा कि डिजिटल ठगी अब देशभर में बड़ा आपराधिक नेटवर्क बन गई है और इस तरह के मामलों में कड़ी कार्रवाई बेहद जरूरी है, ताकि जनता का भरोसा बना रहे और साइबर फ्रॉड पर अंकुश लगाया जा सके।





