प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 21 नवंबर 2025

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता हर पल संगठन की कार्ययोजना पर जुटा रहता है और यही संगठन विस्तार की सबसे बड़ी ताकत है। वे शुक्रवार को राजधानी रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित भाजपा प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
शिवप्रकाश ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता सदैव अनुशासन के दायरे में रहकर काम करता है और यही उसे श्रेष्ठ बनाता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के पदाधिकारी आगामी कार्ययोजनाओं को ध्यान में रखते हुए संगठन को और मजबूत करने की दिशा में जुटे हुए हैं। उन्होंने पदाधिकारियों की भूमिका को कार्यकर्ता, कार्यालय और कार्यक्रमों के बीच मजबूत सेतु के रूप में बताया।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष किरण देव ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ता विचारधारा के उपासक हैं और उनके व्यवहार में भी विचारों की झलक दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता मजबूत संकल्प के साथ आगामी कार्ययोजनाओं को मूर्त रूप देने के लिए तैयार हैं।
बैठक में क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जम्वाल, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, महामंत्री अखिलेश सोनी, यशवंत जैन, डॉ. नवीन मार्कण्डेय, लद्दाख के पूर्व सांसद एवं एसआईआर के प्रदेश प्रभारी जामयांग त्सेरिंग नामग्याल सहित प्रदेश पदाधिकारी मौजूद थे।





