रायगढ, 25 नवंबर 2025
युवाओं के करियर निर्माण और उज्ज्वल भविष्य को समर्पित एक भव्य और प्रेरणादायी करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम का आयोजन रायगढ़ के रामलीला मैदान में किया गया। कार्यक्रम वित्त मंत्री और रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी की विशेष पहल पर आयोजित हुआ, जिसमें प्रसिद्ध गणितज्ञ और सुपर 30 के संस्थापक पद्मश्री आनंद कुमार ने छात्रों को संघर्ष, लक्ष्य, मेहनत और आत्मविश्वास का अनमोल मंत्र दिया।

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने युवाओं से स्पष्ट लक्ष्य निर्धारण, सही मार्गदर्शन और कठोर परिश्रम के साथ आगे बढ़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि कठिनाइयाँ ही सफलता की सबसे मजबूत सीढ़ियाँ बनती हैं।
उन्होंने इस मौके पर घोषणा की कि जिले के सौ से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को 5-5 हजार रुपये का स्वेच्छानुदान दिया जाएगा, जिस पर छात्रों ने जोरदार तालियां बजाईं।
सुपर 30 संस्थापक आनंद कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि रायगढ़ का उत्साह उन्हें नई ऊर्जा देकर जा रहा है।
उन्होंने छात्रों से कहा—
“मेहनत में कमी मत आने दो, बहाने मत बनाओ। संघर्ष जितना कठिन होगा, सफलता उतनी ही चमकेगी।”
आनंद कुमार ने अपने जीवन संघर्ष की कहानी साझा की— पिता के निधन के बाद पापड़ बेचना, आर्थिक तंगी में कैंब्रिज जाना न हो पाना, और वहीं से सुपर 30 की शुरुआत ने उन्हें नई दिशा दी।
उन्होंने अभिषेक राज, शशि नारायण और निधि झा जैसे सफल छात्रों की प्रेरक कहानियां भी सुनाईं।
कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने मोबाइल फ्लैशलाइट से मंच का शानदार स्वागत किया।
कार्यक्रम में सीजीपीएससी चयनित उम्मीदवारों, गोल्ड मेडलिस्ट, आईआईटी चयनित छात्रों और आर. बालाजी यादव जैसे प्रतिभाओं का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्रीलाल साहू, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।
करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम का अगला चरण 25 नवंबर को पुसौर के इंद्रप्रस्थ स्टेडियम में सुबह 8:30 बजे आयोजित होगा।
इसी दिन शाम 3:30 बजे सरिया में भी विशाल सत्र होगा, जिसमें छात्र लक्ष्य निर्धारण, समय प्रबंधन और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पर आनंद कुमार से सीधे मार्गदर्शन प्राप्त कर सकेंगे।





