प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 25 नवंबर 2025

लुडेग क्षेत्र के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर एक बड़ी सौगात मिली है। ग्राम पंचायत लुडेग के पूनापारा से लबनीपारा मुख्य बस्ती तक 5 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण के लिए राज्य सरकार ने 5 करोड़ 41 लाख 13 हजार रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। यह कार्य वर्ष 2024-25 के बजट में शामिल था, जिस पर वित्त विभाग ने मंजूरी दे दी है।
लुडेग क्षेत्र में यह मार्ग लंबे समय से कच्चा होने के कारण ग्रामीणों को रोजमर्रा के जीवन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। वर्षा ऋतु में स्थिति और खराब हो जाती थी—
- किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में अतिरिक्त समय और खर्च लगता था
- छात्रों को विद्यालय व महाविद्यालय जाने में परेशानी होती थी
- स्वास्थ्य सेवाएँ समय पर नहीं पहुंच पाती थीं
- आपातकालीन परिस्थितियों में भी काफी विलंब होता था
नई सड़क बनने के बाद इन सभी समस्याओं का समाधान होगा और ग्रामीणों के जीवन में बड़ा सुधार आएगा। इससे आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
ग्रामीण अंचलों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और सिंचाई जैसी मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय लगातार संवेदनशील निर्णय ले रहे हैं। लुडेग क्षेत्र के लिए स्वीकृत यह सड़क ग्रामीण विकास को शीर्ष प्राथमिकता देने की उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
पूनापारा, लबनीपारा और आसपास के गांवों के ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की स्वीकृति पर खुशी जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि यह निर्णय उनके वर्षों पुराने संघर्ष और प्रतीक्षा का अंत है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सड़क क्षेत्र की समग्र प्रगति का मार्ग प्रशस्त करेगी।





