सुकमा, 27 नवंबर 2025

छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले से दिनदहाड़े एक बड़ी नक्सल वारदात सामने आई है। थाना फूलबगड़ी क्षेत्र के गोगुंडा जंगल पहाड़ी इलाके में एरिया डोमिनेशन के दौरान जिला पुलिस बल की एक महिला आरक्षक IED ब्लास्ट की चपेट में आ गई। हादसा आज दोपहर करीब 1:30 बजे हुआ।
जानकारी के अनुसार, सुरक्षाबल नियमित एरिया डोमिनेशन ड्यूटी पर निकले थे, तभी अचानक आईईडी विस्फोट हो गया। इसमें महिला आरक्षक गंभीर रूप से घायल हुई है, खासकर उसके पैर में गंभीर चोट आई है। मौके पर मौजूद टीम ने तुरंत प्राथमिक उपचार प्रदान किया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए घायल जवान को बेहतर इलाज के लिए हेलीकॉप्टर से रायपुर एयरलिफ्ट किया जा रहा है। रायपुर पहुंचकर जवान का विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम द्वारा उपचार किया जाएगा।
घटना के बाद इलाके में सुरक्षाबलों ने सर्चिंग ऑपरेशन तेज कर दिया है। प्रारंभिक आशंका नक्सलियों की हरकत की ओर इशारा करती है, जिसके मद्देनज़र थाना फूलबगड़ी पुलिस द्वारा माओवादियों के विरुद्ध अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
सुकमा जिले के संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार सर्च ऑपरेशन जारी है ताकि ऐसे हमलों को रोका जा सके और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा सके।





