प्रमोद मिश्रा

रायपुर, 30 नवंबर 2025
देश की दूसरी तिमाही में GDP ग्रोथ 8.2% दर्ज होने पर भाजपा प्रवक्ता सीए अमित चिमनानी ने इसे “भारत की आर्थिक शक्ति और मजबूत नेतृत्व का परिणाम” बताया। उन्होंने कहा कि वैश्विक अस्थिरता—रूस-यूक्रेन युद्ध, पाकिस्तान-अफगानिस्तान तनाव, नेपाल व बांग्लादेश में उथल-पुथल, अमेरिका-चीन टकराव—इन सबके बीच भारत ने खुद को सुरक्षित रखते हुए बेहतरीन आर्थिक प्रदर्शन किया है।
अमित चिमनानी ने कहा कि कृषि, मैन्युफैक्चरिंग, कंस्ट्रक्शन और सर्विस सेक्टर सभी में भारी उछाल देखने को मिल रहा है। इससे साफ है कि देश का हर नागरिक आर्थिक रूप से और अधिक मजबूत हो रहा है तथा लोगों की क्रय शक्ति लगातार बढ़ रही है।
उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि अमेरिका के टैरिफ फैसलों के बाद विपक्ष ने नकारात्मक माहौल बनाने की कोशिश की, लेकिन “भारत अब मजबूत नेतृत्व में काम कर रहा है और विपक्ष को देश विरोधी एजेंडा चलाने से बाज़ आना चाहिए।”
चिमनानी ने आगे कहा कि रिकॉर्ड GDP ग्रोथ और 13 वर्षों में सबसे कम महंगाई किसी चमत्कार से कम नहीं है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी आर्थिक नीतियों और लगातार किए जा रहे सुधारों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यूपीए शासनकाल में भारत 11वीं अर्थव्यवस्था से आगे नहीं बढ़ पाया था, लेकिन आज भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और जल्द ही तीसरे स्थान पर पहुंच जाएगा।
अमित चिमनानी ने छत्तीसगढ़ सरकार की भी सराहना की और कहा कि विष्णुदेव साय सरकार के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ ने भी राष्ट्रीय GDP में अभूतपूर्व योगदान दिया है।





