प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 02 दिसंबर 2025
राज्यपाल रमेन डेका की मौजूदगी में राजभवन में कर्नाटक, तमिलनाडु, दिल्ली, उत्तराखंड, लक्षद्वीप और पुडुचेरी का स्थापना दिवस मनाया गया। राज्यपाल ने कहा कि भारत की विविधता ही इसकी सबसे बड़ी शक्ति है और ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ अभियान इसी एकता का महत्वपूर्ण प्रतीक है।

समारोह में राज्यपाल ने विभिन्न राज्यों की संस्कृति, परंपरा और विशेषताओं का उल्लेख किया। उन्होंने कर्नाटक की आईटी पहचान, तमिलनाडु की द्रविड़ सभ्यता और समृद्ध साहित्य, दिल्ली के ऐतिहासिक धरोहर, उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक संपदा, तथा पुडुचेरी व लक्षद्वीप की अनोखी सांस्कृतिक और पर्यावरणीय विशेषताओं को रेखांकित किया।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने सभी राज्यों की लोक संस्कृति पर आधारित रंगारंग प्रस्तुतियां दीं—कर्नाटक का यक्षगान, तमिलनाडु का लोकनृत्य, दिल्ली का पंजाब फोक, उत्तराखंड का गौपति, लक्षद्वीप का छड़ी नृत्य और पुडुचेरी का गरडी नृत्य शामिल रहा।
राज्यपाल ने विभिन्न राज्यों से आए प्रतिनिधियों को राजकीय गमछा और स्मृति चिन्ह भेंट किया। कार्यक्रम में विधायक पुरंदर मिश्रा, महापौर मीनल चौबे, अधिकारी और अनेक नागरिक मौजूद रहे।





