प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 04 दिसंबर 2025

छत्तीसगढ़ सरकार ने बड़ा प्रशासनिक बदलाव करते हुए राजभवन का नाम आधिकारिक रूप से बदलकर “लोकभवन” कर दिया है। गृह मंत्रालय, भारत सरकार से प्राप्त निर्देशों के बाद राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना ने इसका औपचारिक आदेश जारी कर दिया। आदेश जारी होते ही राजभवन परिसर के सभी मुख्य द्वारों पर नए नामपट्ट लगाए गए हैं। कुल 7 प्रमुख स्थानों पर नया बोर्ड स्थापित किया गया है।
राज्यपाल के सचिव के अनुसार, राज्यपालों के सम्मेलन–2024 में देशभर के राजभवनों का नाम “लोकभवन” करने का सुझाव दिया गया था। इसी प्रस्ताव को आगे बढ़ाते हुए गृह मंत्रालय ने राज्यों को निर्देश भेजा, जिसके बाद छत्तीसगढ़ में इस नाम परिवर्तन को लागू किया गया है।
नई व्यवस्था के बाद अब से सभी सरकारी दस्तावेज़, पत्राचार, प्रेस विज्ञप्तियाँ और आधिकारिक विवरणों में “राजभवन” की जगह “लोकभवन” शब्द का प्रयोग किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ इस बदलाव को आधिकारिक रूप से लागू करने वाले देश के शुरुआती राज्यों में शामिल हो गया है।





