नई दिल्ली, 05 दिसंबर 2025

इंडिगो एयरलाइंस की कई उड़ानें अचानक रद्द होने और देरी से चलने के बाद देशभर के एयरपोर्ट्स पर हड़कंप मच गया। दिल्ली, बेंगलुरु और चेन्नई समेत प्रमुख हवाई अड्डों पर लंबी-लंबी कतारें लग गईं। यात्री घंटों तक एयरपोर्ट पर फंसे बैठे रहे और फ्लाइट्स के इंतजार में परेशान होते दिखे। सोशल मीडिया पर भी अव्यवस्था की चौंकाने वाली तस्वीरें तेजी से वायरल हुईं।
लेकिन यात्रियों के लिए राहत की खबर अब सामने आ गई है। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने अपना पूर्व आदेश वापस ले लिया है, जिसके बाद हवाई यात्रा पर मंडराते संकट के बादल छंट गए हैं। आदेश वापस लिए जाने के साथ ही उम्मीद जताई जा रही है कि इंडिगो समेत सभी एयरलाइंस की उड़ान सेवाएं अब जल्द ही सामान्य स्थिति में लौट आएंगी।
DGCA के इस फैसले से एयरलाइंस को राहत मिली है और यात्रियों की परेशानियों के समाप्त होने की संभावना बढ़ गई है। अधिकारियों के मुताबिक उड़ानों को व्यवस्थित करने और शेड्यूल को वापस पटरी पर लाने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।



