प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 08 दिसंबर 2025

राजधानी रायपुर, माना और नवा रायपुर पिछले दो दिनों से कड़ाके की ठंड और शीतलहर की चपेट में हैं। माना एयरपोर्ट के आसपास अंबिकापुर जैसी ठंड महसूस की जा रही है। यहां दिन और रात के तापमान में 20 डिग्री तक का अंतर दर्ज किया गया है। न्यूनतम तापमान सामान्य से 5-6 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया है।
अगले दो दिन और बढ़ेगी ठंड
दिसंबर के दूसरे सप्ताह में मामूली उतार-चढ़ाव के बावजूद ठंड का असर बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने सोमवार और मंगलवार को रायपुर समेत दर्जनभर जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। बीते तीन-चार दिनों से राज्य में तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है, खासकर सीमावर्ती जिलों में कड़ाके की सर्दी चरम पर है।
अंबिकापुर और माना में पारा लुढ़का
अंबिकापुर का तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जो सामान्य से 4.6 डिग्री कम है। वहीं माना एयरपोर्ट और नवा रायपुर में पिछले तीन दिनों से शीतलहर जैसे हालात बने हुए हैं। यहां रात का तापमान 8 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.7 डिग्री कम है।
सुबह के समय पेड़ों की पत्तियों पर ओस जमने जैसा दृश्य दिखाई दे रहा है, जिससे ठंड की तीव्रता का अंदाज़ा लगाया जा सकता है।
इन जिलों में शीतलहर का अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए जिन जिलों में शीतलहर की चेतावनी जारी की है, उनमें शामिल हैं—
- रायपुर
- गौरेला-पेंड्रा-मरवाही
- मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर
- कोरिया
- सरगुजा
- जशपुर
- सूरजपुर
- बलरामपुर
- कबीरधाम
- मुंगेली
- खैरागढ़-छुईखदान-गंडई
- राजनांदगांव
- बेमेतरा
- दुर्ग
- मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी
- बालोद
- कोरबा
राज्य में अगले 48 घंटे तक कड़ाके की सर्दी और शीतलहर का असर बने रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को सुबह–शाम विशेष सावधानी बरतने और जरूरत पड़ने पर ही घरों से बाहर निकलने की सलाह दी है।





