प्रमोद मिश्रा
नवा रायपुर, 09 दिसंबर 2025
छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल जैव चिकित्सा अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2016 (संशोधित 2021) के प्रभावी अनुपालन और जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 10 दिसंबर 2025 को राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित करने जा रहा है। यह कार्यशाला नवा रायपुर स्थित नवीन विश्राम गृह में दोपहर 2:30 बजे से शुरू होगी।

कार्यक्रम में वित्त, वाणिज्य कर, आवास एवं पर्यावरण, योजना एवं सांख्यिकी विभाग के मंत्री ओ.पी. चौधरी मुख्य अतिथि होंगे।
मंडल के सदस्य सचिव राजु अगसिमनि ने बताया कि कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य संस्थानों में जैव चिकित्सा अपशिष्ट के वैज्ञानिक और सुरक्षित प्रबंधन को बढ़ावा देना है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य संस्थानों में नियमों के अनुपालन के दौरान आने वाली चुनौतियों और उनके समाधान पर भी विस्तृत चर्चा होगी।
कार्यशाला में केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के वरिष्ठ वैज्ञानिक अनूप चतुर्वेदी और अधिवक्ता यादवेन्द्र यादव विशेषज्ञ के रूप में उपस्थित रहेंगे। वे जैव चिकित्सा अपशिष्ट के पृथक्करण, संग्रहण, भंडारण, परिवहन, उपचार और अंतिम निपटान की वैज्ञानिक प्रक्रियाओं पर मार्गदर्शन देंगे।
इस कार्यशाला में प्रमुख अस्पतालों, नर्सिंग होम, पैथोलॉजी लैब, डायग्नोस्टिक सेंटर, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन, नर्सिंग होम एसोसिएशन, चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रतिनिधियों और स्थानीय निकायों के स्वास्थ्य अधिकारियों को आमंत्रित किया गया है।





