प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 09 दिसंबर 2025। कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग की समीक्षा बैठक आज मंत्रालय महानदी भवन में मंत्री गुरु खुशवंत साहेब की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में विभागीय योजनाओं, प्रशिक्षण, प्लेसमेंट और तकनीकी शिक्षा की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में तकनीकी शिक्षा सचिव डॉ. एस. भारतीय दासन, छत्तीसगढ़ राज्य कौशल विकास अभिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विजय दयाराम के सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

मंत्री साहेब ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रशिक्षण पूरा कर नौकरी पाने वाले युवाओं की एक वर्ष तक सतत मॉनिटरिंग की जाए। इसके लिए विस्तृत कार्ययोजना और आवश्यक बजट प्रावधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने CSSDA पोर्टल और रोजगार विनिमय के बीच डेटा लिंकिंग को अनिवार्य बताते हुए कहा कि इससे वास्तविक रोजगार पंजीयन की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
बैठक में माओवाद प्रभावित जिलों—मानपुर-मोहला और गरियाबंद—को आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल करने हेतु प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया।
इसके साथ ही आत्मसमर्पित माओवादी युवाओं के लिए विशेष प्रशिक्षण अभियान की जिलेवार कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।
मंत्री साहेब ने व्यावसायिक प्रशिक्षण की गुणवत्ता सुधारने और प्रमाणीकरण प्रक्रिया को मजबूत करने पर विशेष बल दिया।
उन्होंने CGITI जशपुर के 08 छात्रों के ब्रांच परिवर्तन मामले पर विस्तृत चर्चा की आवश्यकता जताई।
इसके साथ ही NIT व IIT में आने वाली प्लेसमेंट कंपनियों के साथ संपर्क स्थापित कर राज्य के इंजीनियरिंग और पॉलीटेक्निक छात्रों के प्लेसमेंट बढ़ाने के निर्देश दिए।
मंत्री साहेब ने CSVTU को सभी संस्थानों के लिए एकीकृत ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट पोर्टल विकसित करने के निर्देश दिए।
ITI कोरबा को 2027–28 सत्र से केमिकल और माइनिंग ब्रांच के साथ CGIT में बदलने हेतु 2026–27 के बजट में प्रस्ताव शामिल करने को कहा गया।
बैठक में PM-SETU योजना की समीक्षा भी की गई। मंत्री साहेब ने कहा कि अधिक से अधिक क्लस्टरों को योजना में शामिल किया जाए।
उन्होंने स्थानीय उद्योगों की जरूरतों को देखते हुए कृषि आधारित नए ट्रेड शुरू करने और प्रत्येक ITI में 1–2 विशेष ट्रेड (USP) विकसित करने के निर्देश दिए।
उपकरणों और औजारों की खरीद प्रक्रिया को समयबद्ध पूरा करने को कहा गया, ताकि प्रशिक्षण गतिविधियां समय पर शुरू हो सकें।
मंत्री साहेब ने CSSDA पोर्टल को e-rojgar पोर्टल से जोड़ने के निर्देश दिए, ताकि कौशल प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं की जानकारी एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हो सके।
राज्य स्तरीय रोजगार मेला आयोजित करने CSIDC से प्रायोजन लेने और आयोजन हेतु बजट आकस्मिक निधि से मांगने के निर्देश भी दिए गए।
यह समीक्षा बैठक राज्य में कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा और रोजगार को नए आयाम देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।





