प्रमोद मिश्रा
रायपुर/11 दिसंबर 2025।
छत्तीसगढ़ में नवाचार और उद्यमिता को नई रफ्तार देने की दिशा में धमतरी जिले ने ऐतिहासिक कदम बढ़ाया है। विश्वस्तरीय स्टार्टअप एक्सीलरेटर टेकस्टार्स के सहयोग से जिला प्रशासन धमतरी और खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा 28 से 30 नवंबर 2025 तक आयोजित तीन दिवसीय टेकस्टार्स स्टार्टअप वीकेंड ने प्रदेश के स्टार्टअप इकोसिस्टम को नई पहचान दी है। यह पहली बार है जब ऐसा अंतरराष्ट्रीय स्तर का आयोजन किसी गैर-महानगरीय जिले में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

54 घंटे तक चले इस मैराथन इनोवेशन कैंप में
- 100 से अधिक युवा
- 50 संभावित स्टार्टअप टीमें
- 20 अनुभवी मेंटर्स
- 10 से अधिक निवेशक
ने भाग लिया।
प्रतिभागियों ने आइडिया-टू-स्टार्टअप रूपांतरण, बिजनेस मॉडलिंग, प्रोडक्ट डेवलपमेंट, मार्केट रिसर्च, पिच डेक तैयारी से लेकर स्केलिंग स्ट्रैटेजी तक का गहन प्रशिक्षण प्राप्त किया। फूड प्रोसेसिंग, एग्री-टेक, हेल्थकेयर, टूरिज्म, ई-कॉमर्स और डिजिटल इनोवेशन जैसे सेक्टरों के आइडियाज निवेशकों के विशेष आकर्षण का केंद्र बने।
जिला कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने इसे धमतरी के लिए मील का पत्थर बताते हुए कहा—
“हमारा उद्देश्य है कि धमतरी के युवाओं को महानगरों जैसी सभी स्टार्टअप सुविधाएं यहीं मिलें। यहां के युवाओं में वैश्विक प्रतिस्पर्धा की क्षमता है। यह आयोजन हर साल होगा और जिला एक मजबूत स्टार्टअप इकोसिस्टम विकसित करेगा।”
एआईसी महिंद्रा के सीईओ और कार्यक्रम फैसिलिटेटर इस्माइल अकबानी ने इसे “छत्तीसगढ़ का अब तक का सबसे बड़ा और बेहतरीन स्टार्टअप वीकेंड” बताया।
विकासगढ़ के संस्थापक मेराज मीर ने बताया कि 2006 से दुनिया भर के स्टार्टअप्स को गति देने वाला टेकस्टार्स प्लेटफॉर्म अब सीधे धमतरी के युवाओं को ग्लोबल नेटवर्क, एक्सपोज़र और निवेश के अवसर प्रदान करेगा।
जिला प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि स्टार्टअप संस्कृति को संस्थागत रूप देने के लिए भविष्य में धमतरी में ऐसे आयोजन नियमित रूप से जारी रहेंगे, जिससे युवाओं को निरंतर मेंटरशिप, फंडिंग और बिजनेस नेटवर्किंग का लाभ मिलता रहेगा।





