दुर्ग, 11 दिसंबर 2025

दुर्ग जिले की सभी 6 विधानसभा क्षेत्रों में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का कार्य पूरा कर लिया गया है। जांच में बड़ा खुलासा हुआ है—जिले में 37,099 मृत मतदाता दर्ज पाए गए हैं। इनमें से सबसे अधिक 8,956 मृत मतदाता दुर्ग शहर में मिले, जबकि भिलाई नगर में सबसे कम 4,120 मृतक सूचीबद्ध हुए।
इसके अलावा करीब 1.50 लाख मतदाता ऐसे पाए गए जो अपने पुराने पते पर नहीं रहते। इन्हें अब स्थाई रूप से स्थानांतरित मतदाता की श्रेणी में रखा गया है। वहीं 51,059 मतदाता ऐसे मिले जिनका कोई पता उपलब्ध नहीं हो सका।
प्रशासन 11 दिसंबर तक निर्धारित मानकों के अनुसार पूरी प्रक्रिया समाप्त करने के लक्ष्य पर काम कर रहा है। इसके लिए जिले के 1397 बीएलओ को फॉर्म-6 वितरित किए गए हैं, ताकि नए मतदाता नाम जोड़ सकें और पात्र मतदाता अपना पोलिंग बूथ भी बदल सकें। यह प्रक्रिया वोटर लिस्ट के ड्राफ्ट प्रकाशन के बाद शुरू होगी।
- 4,42,000 मतदाता ऐसे मिले जिनके माता-पिता का नाम 2003 की सूची में भी था, इन्हें कैटेगरी A में रखा गया है।
- 4,48,000 मतदाता 2003 की सूची में नहीं थे, लेकिन 2025 में शामिल हैं—इन्हें कैटेगरी B में रखा गया है।
- 69,057 मतदाताओं का 2003 का डेटा उपलब्ध नहीं हो सका।
कलेक्टर अभिजीत सिंह ने बताया कि छहों विधानसभाओं में फॉर्म का डिजिटलाइजेशन 100% पूरा किया जा चुका है। जिन मतदाताओं को नॉन-कलेक्टेबल श्रेणी (मृत्यु, पता परिवर्तन, सिग्नेचर से इंकार, अनुपस्थिति) में रखा गया है—उनका री-वेरिफिकेशन जारी है, ताकि वोटर लिस्ट को शुद्ध और पारदर्शी बनाया जा सके।





