प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 11 दिसंबर 2025

सरगुजा जिले के अंबिकापुर विकासखंड के ग्राम पंचायत बिनकरा में सरस्वती शिशु मंदिर के नए स्कूल भवन निर्माण का भूमि पूजन पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल द्वारा किया गया। बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए मंत्री अग्रवाल ने मौके पर ही विधायक निधि से 20 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की।
इस अवसर पर बिनकरा गांव के पसिंदर राजवाड़े और उनके परिवार ने शिक्षा के क्षेत्र में प्रेरणादायक योगदान देते हुए लगभग 50 डिसमिल भूमि दान की। ग्रामीणों ने इसे गांव की शिक्षा व्यवस्था को मजबूती देने वाला ऐतिहासिक कदम बताया।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री अग्रवाल ने कहा कि शिक्षा समाज की वास्तविक शक्ति है और बिनकरा के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए आधुनिक एवं सुव्यवस्थित स्कूल भवन अत्यंत आवश्यक था। उन्होंने भूमि दान करने वाले परिवार और गांववासियों को धन्यवाद देते हुए कहा कि सरकार का संकल्प है कि प्रदेश का हर बच्चा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जुड़े।
मंत्री ने आगे कहा कि यह नया स्कूल भवन न केवल बिनकरा गांव बल्कि आसपास के पूरे क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शैक्षणिक माहौल प्रदान करेगा। स्थानीय परिवारों द्वारा लिया गया शिक्षा उन्नयन का संकल्प समाज में एकता और विकास की मिसाल प्रस्तुत करता है।
ग्रामीणों का विश्वास है कि मंत्री राजेश अग्रवाल की पहल और गांव के सहयोग से बनने वाला यह नया स्कूल भवन बच्चों के सपनों को नई उड़ान देगा और क्षेत्र के शैक्षणिक विकास में अहम भूमिका निभाएगा।





