प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 12 दिसंबर 2025

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा दिव्यांगजनों के सम्मान, अधिकार और स्वावलंबन को सशक्त बनाने के लिए चलाई जा रही दिव्यांगजन स्वावलंबन योजना लगातार बदलाव की कहानी लिख रही है। इसी योजना ने रायपुर जिले के देवपुरी गांव के निवासी चंदन निलहर की जिंदगी पूरी तरह बदल दी है।
जन्म से दिव्यांग और आर्थिक रूप से बेहद कमजोर स्थिति में रहने वाले चंदन निलहर पर पिता के निधन के बाद परिवार की पूरी जिम्मेदारी आ गई थी। जीवन यापन के लिए संघर्ष करते हुए उन्होंने समाज कल्याण विभाग से ई-रिक्शा खरीदने के लिए ऋण का आवेदन किया। सभी प्रक्रियाओं के बाद वर्ष 2024 में 3,44,730 रुपये का ऋण छत्तीसगढ़ दिव्यांग वित्त एवं विकास निगम, रायपुर द्वारा स्वीकृत किया गया।
न्यूनतम ब्याज दर पर मिले इस ऋण से चंदन को ई-रिक्शा मिला, जिसने उनकी किस्मत ही बदल दी। आज वे रोजाना ई-रिक्शा चलाकर अच्छी आमदनी कर रहे हैं, परिवार की जरूरतें पूरी कर रहे हैं और आर्थिक स्थिरता हासिल कर चुके हैं। इससे उनके भीतर नया आत्मविश्वास आया है और समाज में सम्मानजनक जीवन मिला है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सरकार का उद्देश्य हर दिव्यांगजन को अवसर और संसाधन उपलब्ध कराकर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ना है। समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बताया कि विभाग इस योजना को मिशन मोड में लागू कर रहा है, ताकि कोई भी दिव्यांगजन अभाव के कारण पीछे न रह जाए।
समाज कल्याण विभाग ने चंदन निलहर की सफलता को प्रेरणादायक उदाहरण बताते हुए कहा कि योजना दिव्यांगजनों के जीवन में वास्तविक बदलाव ला रही है। उचित सहयोग और दृढ़ इच्छाशक्ति मिलकर जीवन की दिशा बदल सकती है—चंदन इसका सशक्त उदाहरण हैं।





