प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 16 दिसंबर 2025

राजधानी रायपुर को न्यायधानी बिलासपुर से जोड़ने वाला राष्ट्रीय राजमार्ग प्रदेश के सबसे व्यस्त और महत्वपूर्ण मार्गों में शामिल है। राज्य की वाणिज्यिक, औद्योगिक और सामाजिक-आर्थिक गतिविधियों की रीढ़ माने जाने वाले इस हाइवे पर यात्रियों की सुरक्षा और सुगमता को ध्यान में रखते हुए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा लगातार सुधार और रखरखाव के कार्य किए जा रहे हैं।
एनएचएआई की ओर से बीते वर्षों में रायपुर–बिलासपुर हाइवे पर नियमित पैचवर्क, ड्रेनेज की सफाई और रोड मार्किंग कर सड़क की गुणवत्ता बनाए रखी जा रही है। भारी यातायात के बावजूद सड़क की सतह को सुरक्षित रखने के लिए तकनीकी कंसल्टेंट टीम द्वारा समय-समय पर सर्वे कराया जाता है। वर्ष 2024–25 में 2136 स्थानों पर पैनल रिप्लेसमेंट का कार्य पूरा किया गया, जबकि चालू वित्तीय वर्ष 2025–26 में अब तक 3616 स्थानों पर लगभग 1520 पैनल बदले जा चुके हैं। शेष कार्य प्रगति पर है। बेहतर रखरखाव के लिए ‘रिस्क एंड कॉस्ट’ शर्तों पर नया टेंडर भी जारी किया गया है।
यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप मवेशियों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके तहत 20 संवेदनशील स्थानों की पहचान कर वहां क्रैश बैरियर लगाए गए हैं। साथ ही सोलर लाइटिंग, सोलर ब्लिंकर, ट्रांसफर बार मार्किंग और चेतावनी संकेतक बोर्ड लगाए जा रहे हैं, ताकि दुर्घटना संभावित क्षेत्रों को सुरक्षित बनाया जा सके।
रायपुर–बिलासपुर नेशनल हाइवे पर 11 ब्लैक स्पॉट्स चिन्हित किए गए हैं। इन अत्यधिक दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुरक्षित और निर्बाध यातायात सुनिश्चित करने के लिए अंडरपास और सर्विस लेन का निर्माण कराया जा रहा है।
हाइवे को ‘ग्रीन कॉरिडोर’ के रूप में विकसित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इस वर्ष अब तक 19,286 पौधे लगाए जा चुके हैं। मीडियन में तिकोमा, बोगनवेलिया और गुलमोहर, जबकि सड़क किनारे नीम, कचनार, अमलताश, पीपल और बरगद जैसे छायादार वृक्ष लगाए गए हैं, जिससे सफर और भी मनमोहक हो गया है।
एनएचएआई द्वारा जनहित में टोल प्लाजा पर समय-समय पर स्वास्थ्य शिविर भी लगाए जा रहे हैं। इन शिविरों में ड्राइवरों और यात्रियों के लिए निःशुल्क नेत्र जांच, रक्तचाप जांच और सामान्य स्वास्थ्य परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है।
एनएचएआई के इन प्रयासों से रायपुर–बिलासपुर हाइवे पर यात्रा न केवल सुरक्षित और सुगम हो रही है, बल्कि पर्यावरण के अनुकूल और सुविधाजनक भी बनती जा रही है।



